दिल्ली की बेटियों को तोहफा! CM रेखा ने बांटीं 3000 साइकिलें,लाख छात्राओं तक पहुंचेगी विद्या वाहिनी योजना

By Oneindia Staff

Time Published: Friday, July 31, 2026, 19:40 [IST]

दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 'विद्या वाहिनी योजना' (Vidya Vahini Yojana) के पहले चरण की शुरुआत करते हुए कक्षा 9 की 3,000 से ज्यादा छात्राओं को साइकिलें सौंपीं।

सरकार का कहना है कि अगले एक महीने में चरणबद्ध तरीके से 1.40 लाख से ज्यादा छात्राओं को इस योजना का फायदा मिलेगा। इसका मकसद सिर्फ स्कूल पहुंचना आसान बनाना नहीं, बल्कि लड़कियों की पढ़ाई, आत्मविश्वास और सुरक्षा को भी मजबूत करना है।

Vidya Vahini Yojana CM Rekha Gupta

रेखा गुप्ता ने छात्राओं से कहा कि वे पूरी मेहनत से पढ़ाई करें, अपने सपनों को पूरा करें और अपने परिवार, दिल्ली और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने दोहराया, "हमारी कोशिश है कि दिल्ली की हर बेटी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। सरकार उसकी शिक्षा और सुरक्षा दोनों के लिए प्रतिबद्ध है।"

Vidya Vahini Yojana: क्या है विद्या वाहिनी योजना?

पूर्वी विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली हर बेटी बिना किसी परेशानी के स्कूल पहुंचे और अपने सपनों को पूरा करे।

रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली की हर बेटी आगे बढ़े। सरकार उसके साथ खड़ी है। कक्षा 9 में पहुंचने वाली छात्राओं को साइकिल देकर हम उनकी पढ़ाई का सफर आसान बनाना चाहते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।"

सीएम रेखा गुप्ता ने साफ किया कि यह सिर्फ शुरुआत है। पहले चरण में 3,000 से ज्यादा छात्राओं को साइकिल दी गई है। इसके बाद अगले एक महीने के भीतर दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख कक्षा 9 की छात्राओं को भी साइकिलें दी जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे रोज स्कूल आने-जाने की दिक्कत कम होगी और ड्रॉपआउट की संभावना भी घटेगी।

छात्राओं को क्या फायदा होगा?

सरकार के मुताबिक इस योजना से कई स्तर पर फायदा मिलेगा।

  • स्कूल तक पहुंचना आसान होगा।
  • छात्राओं की उपस्थिति बढ़ेगी।
  • खेल और दूसरी गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी।
  • परिवार का आने-जाने का खर्च कम होगा।
  • लड़कियों का आत्मविश्वास मजबूत होगा।

यानी यह योजना सिर्फ साइकिल देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों की पढ़ाई को लगातार जारी रखने की कोशिश भी है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, विधायक रविंदर नेगी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

महिला और अल्पसंख्यक आयोग पर भी सरकार का बड़ा फैसला

इसी सप्ताह दिल्ली सरकार ने दिल्ली महिला आयोग (DCW) और दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग (DMC) का भी गठन किया है। महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता बनाई गई हैं। वहीं श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सानरिका शर्मा झा और रेनू भल्ला को सदस्य नियुक्त किया गया है।

अल्पसंख्यक आयोग की जिम्मेदारी निर्मल जैन को सौंपी गई है। कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को सदस्य बनाया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इन दोनों आयोगों के गठन का मकसद महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक समुदाय के संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करना है।