पंजाब CM भगवंत मान के OSD ने बिक्रम मजीठिया को भेजा मानहानि नोटिस, 24 घंटे में माफी की मांग

पंजाब CM भगवंत मान के OSD ने बिक्रम मजीठिया को भेजा मानहानि नोटिस, 24 घंटे में माफी की मांग

बिक्रम मजीठिया को मानहानि नोटिस

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन ने अकाली दल के नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया को उनके खिलाफ कथित टिप्पणियों और आरोपों को लेकर मानहानि का नोटिस भेजा है. नोटिस के अनुसार, घुम्मन ने मजीठिया द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार, झूठा और मानहानिकारक बताया है और कहा है कि ये आरोप उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाए गए थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कानूनी नोटिस में मांग की गई है कि मजीठिया कथित तौर पर मानहानिकारक पोस्ट, वीडियो और अन्य संबंधित सामग्री को 24 घंटे के भीतर अपने सभी सोशल मीडिया खातों से हटा दें. राजबीर सिंह घुम्मन ने बिक्रम मजीठिया से उनके बयानों के लिए सार्वजनिक माफी भी मांगने की मांग की गई है. नोटिस में आगे यह भी कहा गया है कि मजीठिया लिखित में यह आश्वासन दें कि वो भविष्य में घुम्मन के खिलाफ इसी तरह के आरोप नहीं लगाएंगे.

घुम्मन ने पहले मजीठिया को दी थी चुनौती

दरअसल, यह घटनाक्रम पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से कथित तौर पर जुड़े लोगों से संबंधित आरोपों और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पंजाब पुलिस को भेजे गए एक पत्र के इर्द-गिर्द चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच आया है. इससे पहले घुम्मन ने मजीठिया को अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने की चुनौती दी थी और कहा था कि अगर अकाली दल के नेता के पास किसी से पैसे मांगने से संबंधित कोई चैट या सबूत है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए.

‘माफी नहीं मांगी तो कानूनी कार्रवाई’

अब मानहानि नोटिस ने विवाद को और बढ़ा दिया है, जिसमें राजबीर सिंह घुम्मन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि के भीतर मांगों का पालन न करने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. इन आरोपों को लेकर विवाद बना हुआ है और घुम्मन ने आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताते हुए खारिज कर दिया है. हालांकि कानूनी नोटिस पर मजीठिया की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

ये भी पढ़ें: BCI के चैयरमैन के खिलाफ SC में याचिका दायर, मनन कुमार मिश्रा के कार्यकाल को चुनौती

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button