'बिहार की जनता बाढ़ से त्रस्त, CM सम्राट दीया जलवाने में व्यस्त हैं', PM मोदी के 'जन्मदिन जश्न' पर उठे सवाल

Time Updated: Thursday, September 17, 2026, 11:13 [IST]

Bihar Floods vs PM Modi Birthday Celebration: बिहार में बाढ़ से लोग परेशान हैं और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर दीप जलाने की अपील को लेकर सियासी बहस छिड़ गई है। जनसुराज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने की तैयारी है। भाजपा नेताओं ने लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है। इसी बीच बिहार में बाढ़ के हालात को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में पीएम मोदी के जन्मदिन पर घरों में दीये जलाने की अपील की गई है। जनसुराज ने वीडियो के साथ तंज कसते हुए लिखा, "बिहार की जनता बाढ़ की मार झेल रही है और बिहार के नेता दीये जलाने की अपील में जुटे हैं।"

Bihar Floods vs PM Modi Birthday Celebration

पार्टी के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब बाढ़ से लोगों के घर-बार प्रभावित हैं, तब सरकार और सत्तारूढ़ दल का ध्यान जश्न पर क्यों है। लोगों की प्रतिक्रियाओं में यह सवाल भी दिखा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत पहले जरूरी है या जन्मदिन का आयोजन। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आई प्रतिक्रियाएं सभी बिहारवासियों की राय का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं।

जहानाबाद के कथित आदेश की क्यों हो रही है चर्चा?

इसी विवाद के बीच जहानाबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जुड़ा एक कथित नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने की बात कही गई है। दस्तावेज में 14 सितंबर 2026 के ज्ञापांक 2076/गो० का हवाला दिया गया है। हालांकि इसमें कहीं भी पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का जिक्र नहीं है।

Bihar Floods PM Modi Birthday Diya lighting appeal Jan suraaj samrat chaudhary

कथित आदेश में 'आशीर्वाद का दीया' नाम से 17 सितंबर के कार्यक्रम का जिक्र है। इसमें स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और व्याख्याताओं को शाम 6:30 बजे एकत्र होने को कहा गया है। शाम 7:15 बजे कम से कम 100 दीप जलाने और उनकी तस्वीरें व वीडियो शिक्षा विभाग के व्हाट्सऐप समूह में भेजने का निर्देश होने का दावा किया गया है।

आदेश में यह भी लिखा है कि प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापक कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। कार्यक्रम के लिए भेजे गए फ्लैक्स को प्रिंट कर इस्तेमाल करने की बात भी दस्तावेज में है।

कथित नोटिफिकेशन में संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाने और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को वरिष्ठ नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी देने का जिक्र है। लापरवाही को लेकर भी सख्त भाषा इस्तेमाल की गई है।

वनइंडिया हिंदी की टीम ने जहानाबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से संपर्क करने की कोशिश की। कार्यालय की ओर से तत्काल कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। पूछे जाने पर कि क्या इस आदेश का संबंध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से है, अधिकारी ने कहा कि मामले को देखने के बाद प्रतिक्रिया देंगे। इसके बाद फोन कट गया। अगर उनकी कोई प्रतिक्रिया आएगी तो लेख में अपडेट किया जाएगा।

जहानाबाद के अलावा भी कुछ जिलों में ऐसे ही निर्देश दिए हैं।

Bihar Floods vs PM Modi Birthday Celebration

पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जलेंगे दीये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर भाजपा की ओर से देशभर में शाम 6 से 7 बजे के बीच 'आशीर्वाद के दीये' जलाने की अपील की गई है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है।

इस अभियान को लेकर अलग-अलग राज्यों में स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मध्य प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से जुड़े कार्यक्रमों में बड़े पैमाने पर दीप जलाने और वितरण की योजनाओं का जिक्र सामने आया है।

उज्जैन से हुगली तक, कहां कितने दीये जलाने की तैयारी?

मध्य प्रदेश: उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों पर बड़े स्तर पर दीप जलाने की तैयारी बताई गई है। उपलब्ध विवरण के मुताबिक, शहर में 25 लाख से ज्यादा दीये जलाने की योजना है। मध्य प्रदेश में कुल 58 लाख दीये जलाने का लक्ष्य बताया गया है। कार्यक्रम में 26 हजार लोगों की भागीदारी का दावा किया गया है। उज्जैन के घाटों पर दीपों को एक साथ रोशन करने की योजना के तहत स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी।

हरियाणा: राज्य सरकार की ओर से अंत्योदय परिवारों को दो-दो दीये मुफ्त देने की योजना का जिक्र है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में 39,76,273 राशन कार्ड हैं। इनके लिए कुल 79,52,546 दीयों के आवंटन की बात कही गई है।

पश्चिम बंगाल: 17 सितंबर की शाम हुगली नदी के किनारे 10 से ज्यादा घाटों को रोशन करने की तैयारी का जिक्र है। इसके लिए 8.5 लाख दीये खरीदे जाने की जानकारी दी गई है। बाजा कदमताल घाट पर अकेले एक लाख दीये जलाने की योजना बताई गई है।

बाढ़ और जश्न के बीच बिहार में सियासी सवाल

पीएम मोदी के जन्मदिन पर होने वाले आयोजनों को भाजपा अपने अभियान और जनभागीदारी के कार्यक्रम के रूप में देख रही है। दूसरी ओर जनसुराज ने बाढ़ के हालात के बीच इन तैयारियों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

इस पूरे मामले में दो बातें अलग-अलग समझना जरूरी है। पहली, 'आशीर्वाद का दीया' अभियान को लेकर भाजपा नेताओं की अपील और देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रमों की तैयारियां। दूसरी, बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति और राहत कार्यों को लेकर राजनीतिक बहस।