Commonwealth Games: कौन है कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सबसे सफल खिलाड़ी? जीते 15 मेडल

Commonwealth Games: कौन है कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सबसे सफल खिलाड़ी? जीते 15 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स में जसपाल राणा का दबदबा. (फोटो- GETTY)

Commonwealth Games: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के खूबसूरत शहर ग्लासगो में इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट का आगाज होने जा रहा है. इस बार भारत 126 एथलीटों के एक मजबूत दल के साथ मेडल टेबल में टॉप पर जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगा. साल 1934 में पहली बार इन खेलों में हिस्सा लेने के बाद से भारत ने अब तक कुल 564 मेडल अपनी झोली में डाले हैं. इस शानदार और ऐतिहासिक सफर में भारत के लिए सबसे ज्यादा मेडल जीतने का व्यक्तिगत रिकॉर्ड देश के महान पिस्टल शूटर जसपाल राणा के नाम दर्ज है, जिनका हाल ही में निधन हो गया था.

4 कॉमनवेल्थ गेम्स में जीते कुल 15 मेडल

जसपाल राणा कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत के सबसे सफल एथलीट रहे हैं. उन्होंने 1994 से लेकर 2006 तक कुल चार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और इस दौरान कुल 15 मेडल अपने नाम किए. आज तक कोई भी दूसरा भारतीय एथलीट इस आंकड़े को नहीं छू सका है. जसपाल राणा की ओर से जीते गए 15 मेडल्स में 9 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.

जसपाल राणा के मेडल जीतने का पूरा सफर

  • 1994 कोलंबिया: जसपाल राणा ने अपने डेब्यू कॉमनवेल्थ गेम्स में ही राणा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था. उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में सिल्वर और पेयर इवेंट में ब्रॉन्ज जीता था. वहीं, सेंटर फायर पिस्टल के व्यक्तिगत और पेयर दोनों इवेंट्स में गोल्ड मेडल हासिल कर स्वर्णिम आगाज किया था.
  • 1998 मलेशिया: इस एडिशन में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत और पेयर दोनों इवेंट्स में सिल्वर मेडल हासिल किए थे. इसके साथ ही पुरुषों के सेंटर फायर पिस्टल के व्यक्तिगत और पेयर दोनों मुकाबलों में फिर से गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था.
  • 2002 मैनचेस्टर: 2002 का साल जसपाल राणा के करियर का सबसे यादगार कॉमनवेल्थ गेम्स साबित हुआ. उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज और पेयर में सिल्वर जीता. इसके बाद 25 मीटर पिस्टल के व्यक्तिगत, पेयर इवेंट्स और सेंटर फायर पिस्टल के व्यक्तिगत और पेयर इवेंट्स में कुल मिलाकर 4 गोल्ड मेडल अपनी झोली में डाले.
  • 2006 मेलबर्न: अपने आखिरी कॉमनवेल्थ गेम्स में जसपाल राणा ने पुरुषों की सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता और इसके साथ ही अपने कॉमनवेल्थ गेम्स करियर को विराम दिया.

दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन

पिछले महीने 12 जून को दिल का दौरा पड़ने के कारण जसपाल राणा का निधन हो गया था. वो जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से भारतीय शूटिंग दल के साथ वापस लौटते समय फ्लाइट में ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी. नई दिल्ली में विमान के लैंड होते ही उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनके दिल के ब्लॉकेज को हटाने के लिए डॉक्टरों ने एक हार्ट सर्जरी की थी. हालांकि, इस प्रक्रिया के कुछ ही दिनों बाद 12 जून को उन्होंने दम तोड़ दिया था. वो पेरिस ओलंपिक में भारतीय स्टार निशानेबाज मनु भाकर के निजी कोच भी थे और उन्हीं के मार्गदर्शन में मनु ने देश के लिए दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button