Concept SUV: हुंडई-किआ की नई बॉक्सी कार का डिजाइन पेटेंट फाइल, पहली झलक दिखी - Haribhoomi

Concept SUV: हुंडई मोटर ग्रुप ने हुंडई और किआ ब्रांड के तहत एक नई बॉक्सी SUV का डिजाइन पेटेंट फाइल किया है, जिसकी पहली झलक सामने आ गई है। इसे दमदार ऑफ-रोड स्टाइल के लिए तैयार किया गया है।

Hyundai Boulder Concept

हुंडई-किआ की नई बॉक्सी कार का डिजाइन पेटेंट फाइल

  • Published: 21 Jul 2026, 07:56 PM IST
  • Last Updated: 21 Jul 2026, 07:56 PM IST

Concept SUV: हुंडई मोटर ग्रुप ने किआ के साथ नए ब्रांड के तहत एक नई बॉक्सी SUV का डिजाइन पेटेंट फाइल किया है। पेटेंट इमेज में दिखाई गई SUV इस साल की शुरुआत में पेश किए गए हुंडई बोल्डर कॉन्सेप्ट से काफी मिलती-जुलती नजर आती है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल के करीब लाने के लिए इसके डिजाइन में कई बदलाव किए गए हैं। माना जा रहा है कि यह बोल्डर फैमिली की दूसरी SUV हो सकती है, जिसे रोजमर्रा की ड्राइविंग के साथ-साथ ऑफ-रोडिंग के लिए भी तैयार किया जाएगा।

डिजाइन में दिखा नया अंदाज
पेटेंट इमेज में SUV का फ्रंट डिजाइन काफी आकर्षक नजर आता है। बीच में बंद (Closed-off) ग्रिल पैनल दिया गया है, जिसके ऊपर और नीचे पतले एयर इनलेट्स मौजूद हैं। ग्रिल के दोनों ओर चार-चार हेडलाइट यूनिट्स को वर्टिकल स्टैक में लगाया गया है, जबकि किनारों पर वर्टिकल LED DRL सिग्नेचर इसे अलग पहचान देते हैं।

फ्रंट बंपर को मजबूत और रग्ड लुक दिया गया है। इसमें मेश-पैटर्न एयर इनटेक और सिल्वर स्किड प्लेट जैसे एलिमेंट्स शामिल हैं, जो SUV के ऑफ-रोड कैरेक्टर को और उभारते हैं।

साइड प्रोफाइल भी पूरी तरह ऑफ-रोड स्टाइल
नई SUV में चौकोर व्हील आर्च, मोटी ब्लैक क्लैडिंग और सिल्वर एक्सेंट्स दिए गए हैं। दरवाजों के निचले हिस्से में भी मजबूत क्लैडिंग देखने को मिलती है। पीछे का फेंडर भी Boulder Concept जैसा डिजाइन अपनाता है, हालांकि विंडो लाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं और कॉन्सेप्ट मॉडल में दिखने वाली Alpine Windows को हटाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस SUV में Boulder Concept की तरह रियर-हिंज्ड (Suicide) रियर डोर्स भी दिए जा सकते हैं।

कॉन्सेप्ट मॉडल होने के मिलते हैं संकेत
पेटेंट इमेज में बोनट पर अतिरिक्त LED लाइट्स, रूफ रैक, विंडशील्ड प्रोटेक्टर और रूफ रैक से फेंडर तक जुड़े सपोर्ट केबल्स भी दिखाई देते हैं। ऐसे फीचर्स आमतौर पर कॉन्सेप्ट वाहनों में देखने को मिलते हैं, जिससे माना जा रहा है कि यह अभी प्रोडक्शन मॉडल नहीं है।

क्या भारत आएगी यह SUV?
फिलहाल Hyundai Motor Group ने इस SUV के नाम, इंजन या लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, कंपनी पहले ही संकेत दे चुकी है कि आने वाले वर्षों में भारतीय बाजार के लिए एक नई ऑफ-रोड-फोकस्ड SUV लाई जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि यह नया डिजाइन उसी अपकमिंग मॉडल की झलक हो सकता है। आने वाले महीनों में कंपनी इसे आधिकारिक कॉन्सेप्ट के रूप में पेश कर सकती है।

(मंजू कुमारी)