County Championship: मयंक अग्रवाल इंग्लैंड में 0 पर हुए आउट, फिर भी क्यों होने लगी इतनी चर्चा?

मयंक अग्रवाल डरहम क्लब का हिस्सा हैंImage Credit source: Getty Images
इंग्लैंड में चल रही काउंटी चैंपियनशिप 2026 में भारत के कई खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इनमें से ज्यादातर गेंदबाज हैं, जिन्होंने अपना दम दिखाया है और बल्लेबाजों को परेशान किया है. वहीं बल्लेबाजों की बात करें तो ये संख्या ज्यादा नहीं है और इसमें सबसे बड़ा नाम मयंक अग्रवाल हैं, जो बेन स्टोक्स के काउंटी क्लब डरहम के लिए खेल रहे हैं. मयंक अभी तक कुछ खास असर नहीं छोड़ पाए हैं. यहां तक कि अपने दूसरे मैच की पहली पारी में तो वो खाता भी नहीं खोल पाए. इसके बावजूद वो चर्चा में आ गए और इसकी वजह है उनका क्रीज पर बिताया वक्त.
मंगलवार 8 सितंबर से डरहम और मिडिलसेक्स के बीच काउंटी चैंपियनशिप डिविजन 1 का मुकाबला शुरू हुआ. इसमें डरहम ने पहले बल्लेबाजी की और पहली पारी में सिर्फ 252 रन बनाए. मगर इन 252 रन में टीम इंडिया के पूर्व ओपनर मयंक अग्रवाल कोई योगदान नहीं दे सके. वो चौथे नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे और खाता खोले बिना आउट हो गए. मगर मयंक के 0 पर आउट होने से ज्यादा चौंकाने वाला ये था कि वो आधे घंटे से भी ज्यादा वक्त तक क्रीज पर रहे और एक भी रन नहीं बना सके.
आधा घंटा और 25 गेंद भी काफी नहीं
डरहम ने 57 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए थे, जब मयंक क्रीज पर उतरे. ये पारी का 19वां ओवर था और उनके पास ऐसे मौके पर एक दमदार पारी खेलकर टीम को संभालने का मौका था. मयंक ने ये काम किया भी और काफी देर तक वो क्रीज पर जमे रहे. उन्होंने मिडिलसेक्स के गेंदबाजों को मौके नहीं दिए लेकिन खुद भी रन बटोरने का कोई मौका नहीं बनाया. नतीजा ये हुआ कि करीब 37 मिनट तक वो क्रीज पर रहे और रन ही नहीं बना सके. आखिरकार 25 गेंदों का सामना करने के बावजूद वो अपने खाते में कोई भी रन नहीं जोड़ सके और 0 के स्कोर पर आउट हो गए.
टेलएंडर्स ने बनाए ज्यादा रन
डरहम की इस पारी में मयंक अग्रवाल इकलौते बल्लेबाज रहे, जो अपना खाता नहीं खोल सका. उनके अलावा विल रोड्स ने 3 रन, ग्राहम क्लार्क ने 4 रन बनाए, जबकि लोअर ऑर्डर में केसी एलड्रिज ने 4 और ब्रायडन कार्स ने 1 रन बनाया. चौंकाने वाली बात ये है कि डरहम के लिए सबसे ज्यादा 58 रन (नाबाद) 10वें नंबर के बल्लेबाज बेन रेन ने बनाए, जबकि 11वें नंबर के कैलम पार्किंसन ने भी 26 रन का योगदान दिया, जिसके दम पर डरहम ने पहली पारी में 252 रन बनाए.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More