क्या Crime Patrol से 1 मिनट के 2 करोड़ रुपये वसूल रहे अजय देवगन? 90 करोड़ फीस में कितना हकीकत-कितना फसाना
Ajay Devgn Crime Patrol Fees: बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन जब छोटे पर्दे के सबसे चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ के मंच पर उतरे, तो शो का माहौल बदलना ही था. उनका संजीदा अंदाज और डायलॉग “गलत सोच को करो डिलीट, अच्छे जज्बात और सोच भी वायरल होते हैं” सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. लेकिन इस शो के पहले केस के सामने आते ही इससे जुड़े एक और आंकड़े ने सबको हैरान कर रखा है. कुछ खबरों में दावा किया गया है कि अजय देवगन इस शो के 15 एपिसोड्स होस्ट करने के लिए पूरे 90 करोड़ रुपये वसूल रहे हैं. यानी सीधे शब्दों में कहें तो प्रति एपिसोड 6 करोड़ रुपये. लेकिन जब हमने इस 90 करोड़ी दावे और परदे पर दिखे उनके असली स्क्रीन टाइम का हिसाब-किताब लगाया, तो गणित कुछ और ही कहानी बयां करता नजर आता है.
‘क्राइम पेट्रोल’ का पहला केस ‘बगावत’ दो हिस्सों (एपिसोड 1 और एपिसोड 2) में दिखाया गया. यानी कहानी एक ही थी, जिसे दो कड़ियों में बांटा गया. अब जरा देखिए कि इन दोनों एपिसोड्स में बॉलीवुड के इस सुपरस्टार की मौजूदगी स्क्रीन पर कितनी देर रही.
पहले एपिसोड का हिसाब
- शुरुआत का इंट्रो: करीब 1 मिनट 10 सेकंड
- बीच का लिंक: लगभग 47 सेकंड
- एपिसोड का अंत: करीब 36 सेकंड (पहला एपिसोड: कुल समय लगभग 2 मिनट 33 सेकंड)
दूसरे एपिसोड का हिसाब
- शुरुआत की रीकैप और एंट्री: करीब 2 मिनट 46 सेकंड
- बीच की पहली एंट्री: महज 19 सेकंड
- बीच की दूसरी कड़ी: सिर्फ 16 सेकंड
- क्लाइमैक्स का मैसेज: लगभग 8 सेकंड (दूसरा एपिसोड: कुल समय लगभग 3 मिनट 29 सेकंड)
दोनों एपिसोड्स को मिला भी दें, तो करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा के पूरे टेलीकास्ट में अजय देवगन का कुल विजुअल स्क्रीन टाइम 6 मिनट के आसपास ही ठहरता है.
क्या प्रति मिनट करोड़ों का खर्च? या सिर्फ हवा-हवाई आंकड़े?
अगर बाजार में चल रहे 90 करोड़ के इस दावे को थोड़ी देर के लिए सच भी मान लिया जाए, तो इसका मतलब हुआ कि चैनल एक एपिसोड के लिए 6 करोड़ रुपये दे रहा है. और अगर एक एपिसोड में अजय देवगन 2 से 3 मिनट ही स्क्रीन पर आते हैं, तो यह फीस प्रति मिनट करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है!
हालांकि, टीवी इंडस्ट्री के जानकारों और करीबी सूत्रों की मानें तो 90 करोड़ के इस आंकड़े पर कई बड़े सवालिया निशान लग जाते हैं. टीवी का बजट और एड रेवेन्यू का मॉडल इतना बड़ा नहीं होता कि किसी स्टार को महज 15 कड़ियों के लिए 90 करोड़ का भुगतान आसानी से कर दिया जाए.
ये भी पढ़ें:
क्राइम पेट्रोल के पहले एपिसोड में अजय देवगन ने उठाया गंभीर मुद्दा, क्या था पहला केस?
Review: क्राइम पेट्रोल के होस्ट की भूमिका में अजय देवगन लगे दमदार, पर ये चूक भारी न पड़ जाए
न चैनल का बयान, न एक्टर की मुहर
सबसे अहम बात ये है कि इस 90 करोड़ की फीस को लेकर अब तक न तो ब्रॉडकास्टर चैनल की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है और न ही खुद अजय देवगन की टीम ने इस पर कोई मुहर लगाई है.
इंडस्ट्री से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि जब कोई बड़ा बॉलीवुड स्टार टीवी पर आता है, तो अक्सर ऐसी भारी-भरकम और चौंकाने वाली रकमें हवा में तैरने लगती हैं ताकि शो के इर्द-गिर्द एक बड़ा बज (Buzz) क्रिएट किया जा सके. अजय देवगन का स्टारडम और उनकी दमदार आवाज शो को एक नया स्तर जरूर दे रही है, लेकिन कुछ मिनटों के स्क्रीन टाइम के लिए करोड़ों की फीस की बात में सच्चाई कम और अफवाह ज्यादा है.
अजय देवगन की फिल्मों से कितनी कमाई होती है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन किसी भी बड़ी बजट की फीचर फिल्म के लिए लगभग 40 करोड़ से 60 करोड़ रुपये की बेस फीस चार्ज करते हैं, जबकि ‘सिंघम अगेन’ या ‘गोलमाल’ जैसी अपनी होम-फ्रैंचाइजी फिल्मों में प्रॉफिट शेयरिंग (मुनाफे में हिस्सेदारी) मिलाकर यह आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार भी पहुंच जाता है. हाल ही में चर्चा में आई मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ के लिए भी रिपोर्ट्स में उनका मेहनताना करीब 40 करोड़ रुपये बताया गया था. ऐसे में, जब एक 2 से ढाई घंटे की पूरी फिल्म करने के लिए वे 40 से 50 करोड़ रुपये लेते हैं, तो टीवी पर महज कुछ मिनटों के 15 एपिसोड्स के लिए 90 करोड़ मिलने का दावा गले से आसानी से नहीं उतर रहा.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More