राजिम में अनोखा रक्षाबंधन : CRPF जवानों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार, भावुक हुए देश के प्रहरी - Haribhoomi
राजिम में रक्षाबंधन के अवसर पर ब्राह्मण समाज महिला मंच की बहनों ने घर से दूर रहकर देशसेवा में जुटे सीआरपीएफ जवानों को भाई मानकर राखी बांधी, बहनों ने जवानों प्रति सम्मान व स्नेह जताया।
CRPF जवानों की कलाई पर बांधी गई राखी
- Published: 28 Aug 2026, 09:00 AM IST
- Last Updated: 28 Aug 2026, 09:00 AM IST
श्यामकिशोर शर्मा - राजिम। रक्षाबंधन के अवसर पर ब्राह्मण समाज महिला मंच की बहनों ने घर से दूर रहकर देशसेवा में जुटे सीआरपीएफ जवानों को भाई मानकर राखी बांधी। बहनों ने जवानों का तिलक लगाकर आरती उतारी, मिठाई खिलाई और उनके प्रति सम्मान व स्नेह जताया। इस आत्मीय मुलाकात ने जवानों को भी भावुक कर दिया।
राखी बांधकर दिया घर जैसा अपनापन
रक्षाबंधन के दिन परिवार से दूर ड्यूटी कर रहे जवानों के बीच पहुंचीं महिलाओं ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। जवानों ने कहा कि त्योहार के मौके पर घर और बहनों की याद स्वाभाविक रूप से आती है। ऐसे समय में समाज की बहनों द्वारा राखी बांधना उनके लिए घर जैसा अपनापन लेकर आया। उन्होंने इस पहल के लिए महिला मंच की सदस्यों का आभार जताया।

‘देश की रक्षा करने वाले जवान भी हमारे भाई’
ब्राह्मण समाज महिला मंच की अध्यक्ष रेखा तिवारी ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभाते हैं। रक्षाबंधन पर उनकी कलाई सूनी न रहे, इसी भावना से महिलाओं ने उन्हें भाई मानकर राखी बांधी। उन्होंने कहा कि जवानों के त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान जताना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

गीत ने बांधा भावनाओं का समां
कार्यक्रम के दौरान विद्या तिवारी द्वारा प्रस्तुत गीत ‘बहनों ने भाई की कलाई में प्यार बांधा है’ ने माहौल को भावुक कर दिया। राखी बंधवाने के दौरान जवानों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व साफ नजर आया। इस मौके पर जवानों और महिलाओं ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

महिला मंच की सदस्यों ने निभाई सहभागिता
इस अवसर पर उपाध्यक्ष तनु मिश्रा, सचिव सोमा शर्मा, कोषाध्यक्ष सुभाषिनी शर्मा, संरक्षक विद्या तिवारी, नंदनी शर्मा, शकुंतला शर्मा, रमा शर्मा, सविता दुबे, रेखा शुक्ला, डॉ. मधुरानी शुक्ला सहित कुमुद पुराणिक, पूनम दीवान, भावना शर्मा, मुक्ति शर्मा, स्वाति शुक्ला, सुषमा शर्मा, स्मृति शर्मा, कुशाली दीवान, कल्याणी शर्मा और पुष्पांजलि तिवारी मौजूद रहीं।
इस आयोजन ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार और राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के साथ पूरा समाज खड़ा है। जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र उनके प्रति सम्मान, विश्वास और भाईचारे की भावना का प्रतीक बन गया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)