रांची के CRPF कैंप में जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौत...पलामू का रहने वाला था

रांची के CRPF कैंप में जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौत…पलामू का रहने वाला था

घटना की जांच में जुटी पुलिस

झारखंड की राजधानी रांची में CRPF कैंप के अंदर एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के तिरिल स्थित CRPF कैंप की है. मृतक जवान की पहचान भुवनेश्वर पाल के रूप में हुई है. वह CRPF में हवलदार के पद पर तैनात थे. गोली लगने के बाद जवान की मौके पर ही मौत हो गई.

भुवनेश्वर पाल ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान उन्होंने अपने पास मौजूद सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. गोली जवान के गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. कैंप परिसर में गोली चलने की घटना के बाद वहां मौजूद जवानों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. CRPF के वरिष्ठ अधिकारी भी कैंप पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हैं. पुलिस और CRPF अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना किन परिस्थितियों में हुई.

फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है. इसके साथ ही जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फिलहाल भुवनेश्वर पाल के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या जवान किसी पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानी से गुजर रहे थे या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. पुलिस और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं.

पलामू के रहने वाले थे भुवनेश्वर पाल

भुवनेश्वर पाल मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के हैदरनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. वर्तमान में उनकी तैनाती रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित तिरिल CRPF कैंप में थी, जहां वह हवलदार के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे.

अक्टूबर 2024 में भी हुई थी ऐसी घटना

रांची में CRPF जवान द्वारा सर्विस राइफल से खुद को गोली मारने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी नगड़ी थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सेंबो CRPF ग्रुप सेंटर में तैनात जवान राहुल कुमार मल्लिक ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी. राहुल कुमार मल्लिक मूल रूप से बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button