CSK New Head Coach: धोनी ने जिसे बनाया 'बॉलिंग कैप्टन', अब वो बना चेन्नई सुपर किंग्स का नया कोच

CSK New Head Coach: धोनी ने जिसे बनाया ‘बॉलिंग कैप्टन’, अब वो बना चेन्नई सुपर किंग्स का नया कोच

CSK का नया हेड कौच कौन? (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का नया सीजन शुरू होने से पहले एक बड़े सवाल का जवाब मिल गया है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का अगला कोच कौन होगा? इस राज से अब पर्दा उठ गया है. पांच बार की चैंपियन CSK ने तमाम दावों और अटकलों की धज्जियां उड़ाते हुए एक भारतीय दिग्गज को अपना नया हेड कोच बना दिया है. ये दिग्गज हैं- जहीर खान. टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान IPL 2027 सीजन से चेन्नई की जिम्मेदारी संभालेंगे. जहीर इस भूमिका में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे, जो IPL 2026 के बाद CSK से अलग हो गए थे.

CSK ने अपने फैसले से चौंकाया

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोमवार 21 सितंबर को एक सोशल मीडिया पोस्ट में ये खास ऐलान किया, जिसने हर किसी को चौंका दिया. CSK ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अब बाएं हाथ की बारी. चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है.” ये ऐलान इसलिए चौंकाने वाला था क्योंकि जहीर खान के नाम की कोई भी चर्चा नहीं थी. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ऑयन मॉर्गन के साथ चर्चा जारी है, जबकि एक ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज की भी हेड कोच बनने को लेकर चर्चा हो रही थी.

Left Arm Taking Over! 💫🦁

Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!#WhistlePodu #Yellove 🦁💛

— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 21, 2026

जहीर खान इस रोल में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ले रहे हैं, जो 2009 से लगातार 2026 तक CSK के हेड कोच रहे थे. वहीं जहीर 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे, जहां वो मेंटॉर की भूमिका में थे. मगर एक ही सीजन के बाद वो फ्रेंचाइजी से अलग हो गए थे. इसके अलावा वो मुंबई इंडियंस के साथ ही डाइरेक्टर ऑफ क्रिकेट के रूप में जुड़े हुए थे. यानि जहीर को टीम मैनेजमेंट और मेंटॉरशिप का अनुभव है. बतौर कोच ये उनके कितने काम आएगा, इसका पता आने वाले वक्त में चलेगा.

धोनी ने बताया था ‘बॉलिंग कैप्टन’

हेड कोच के रूप में जहीर खान का चुना जाना बताता है कि इस फैसले में एमएस धोनी का बड़ा हाथ है. टीम इंडिया में जहीर और धोनी लंबे समय तक एक साथ खेलते रहे थे. यहां तक कि बतौर कप्तान धोनी ने तो एक बार ये भी कहा था कि जहीर खान उनकी टीम में बॉलिंग कैप्टन हैं. जहीर ने ही धोनी की कप्तानी में 2011 वर्ल्ड कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. तब उन्होंने ये कमाल एक गेंदबाज के रूप में किया था. अब एक दशक से भी ज्यादा वक्त के बाद धोनी और जहीर की जोड़ी फिर बन गई है. ऐसे में क्या जहीर कोच के रूप में धोनी और चेन्नई को सफलता दिला पाएंगे? आने वाले सीजन में यही सबसे खास सवाल होगा.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button