CSU में निबंध और राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

By Oneindia Staff

Time Published: Friday, September 4, 2026, 21:13 [IST]

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (सीएसयू) में हिंदी माह-2026 के तहत निबंध लेखन और राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सम्मेलन कक्ष, मुक्तस्वाध्यायपीठम् में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

हिंदी माह के दूसरे और तीसरे दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में समसामयिक विषयों पर निबंध लेखन कराया गया। प्रतिभागियों को कई विषयों में से अपनी पसंद का एक विषय चुनकर उस पर अपने विचार लिखने का अवसर दिया गया।

csu-essay-and-official-language

इन विषयों पर लिखे निबंध

निबंध लेखन के लिए 'भारत के नवनिर्माण में जेन-जी की भूमिका', 'संस्कृत और भारतीय भाषाएं', 'असंतुलित पर्यावरण और जनजीवन' तथा 'हिंदी के विकास में राजभाषा की भूमिका' जैसे विषय रखे गए।

प्रतिभागियों ने इन विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रतियोगिता में सामने आए विषयों से यह भी पता चलता है कि कर्मचारी देश और समाज से जुड़े मौजूदा मुद्दों के साथ-साथ हिंदी और राजभाषा के प्रति भी रुचि रखते हैं।

विश्वविद्यालय का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से कर्मचारियों की जानकारी बढ़ती है। साथ ही हिंदी में लिखने की क्षमता और कार्यालयी कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलता है।

राजभाषा नियमों पर आधारित रही प्रतियोगिता

हिंदी माह के तीसरे दिन हिंदी राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें प्रतिभागियों से देश की राजभाषा नीति और उससे जुड़े नियमों के बारे में सवाल पूछे गए। प्रतियोगिता में राजभाषा अधिनियम, 1963 (संशोधित 1967), राजभाषा संकल्प-1968 और राजभाषा नियम-1976 से जुड़े प्रश्न शामिल रहे। इसके अलावा संविधान में राजभाषा से जुड़े प्रावधान, संसदीय राजभाषा समिति और राजभाषा विभाग के वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 से संबंधित सवाल भी पूछे गए। प्रतिभागियों को लघु और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के जरिए अपनी जानकारी प्रदर्शित करने का मौका मिला। विश्वविद्यालय के अनुसार, ऐसी प्रतियोगिताओं से कर्मचारियों को राजभाषा के नियमों और प्रावधानों की बेहतर समझ मिलती है, जिसका लाभ उनके रोजमर्रा के कार्यालयी काम में भी होगा।

कुलपति के निर्देश पर हो रहे हिंदी माह के आयोजन

सीएसयू में हिंदी माह-2026 के तहत अलग-अलग विषयों पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ये आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी के निर्देश पर किए जा रहे हैं। कुलसचिव प्रोआरजी मुरलीकृष्ण ने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में राजभाषा का नियमानुसार प्रयोग किया जा रहा है।

प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रो. अजय कुमार मिश्रा, प्रभारी राजभाषा अधिकारी की उपस्थिति में हुआ। वहीं श्री अरुण कुमार विद्यार्थी, वरिष्ठ परामर्शदाता (राजभाषा) की निगरानी में प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं।

कार्यक्रम को लेकर प्रो. ललित कुमार त्रिपाठी, अधिष्ठाता (शैक्षणिक), प्रो. लीना सक्करवाल, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण), प्रो. काशीनाथ न्योपाने, निदेशक (प्रकाशन), डॉ. पी.एम. गुप्ता, विश्वविद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष, प्रो. मधुकेश्वर भट्ट, कुलपति के विशेष कार्याधिकारी और श्री कृष्ण कुमार के.टी., उप निदेशक (प्रशासन) ने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के आयोजन में प्रकाशन विभाग के डॉ. प्रवीण राय और प्रशासन विभाग के श्री अमित यादव ने भी सहयोग किया।