कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले भारत को बड़ा झटका, जूडो खिलाड़ी तूलिका मान नाडा के एक्शन के बाद CWG 2026 से बाहर - India TV Hindi

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 शुरू होने से पहले भारतीय दल को बड़ा झटका लगा है। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता जूडो खिलाड़ी तूलिका मान को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इसके चलते वह ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। तूलिका से इस बार भी पदक की बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन नाडा की कार्रवाई ने उनके अभियान पर विराम लगा दिया है।

NADA के एक्शन के बाद CWG से बाहर

दरअसल, नाडा ने तूलिका मान पर पिछले 12 महीनों में तीन बार वेयरअबाउट्स फेल्योर का आरोप लगाया है। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए अस्थायी निलंबन की कार्रवाई की। इसी वजह से भारतीय जूडो टीम से उनका नाम वापस ले लिया गया है। PTI से बातचीत में एक जूडो कोच ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि तूलिका ने 12 महीने के भीतर तीन बार वेयरअबाउट्स नियमों का उल्लंघन किया है। नाडा की ओर से नोटिस जारी होने के बाद उन्हें टीम से हटाने का फैसला लिया गया।

गौरतलब है कि वेयरअबाउट्स फेल्योर का मतलब यह नहीं होता कि खिलाड़ी डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। इसके तहत खिलाड़ियों को तय समय और स्थान की जानकारी देनी होती है ताकि अचानक डोप टेस्ट किया जा सके। यदि कोई खिलाड़ी बार-बार यह जानकारी देने में विफल रहता है या तय स्थान पर उपलब्ध नहीं होता, तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जाता है। तूलिका मान ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिलाओं के +78 किलोग्राम कैटेगिरी सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। ग्लासगो में भी उनसे शानदार प्रदर्शन और पदक की उम्मीद थी।

2022 में जीता था सिल्वर मेडल

तूलिका मान ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिलाओं के +78 किलोग्राम कैटेगिरी सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। ग्लासगो में भी उनसे शानदार प्रदर्शन और मेडल की उम्मीद थी। इससे पहले गुरुवार को भारतीय जूडो टीम को एक और झटका लगा था। पुरुषों के -73 किलोग्राम कैटेगिरी के खिलाड़ी अरुण कुमार को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया था। वह प्रतियोगिता से बाहर होने वाले पहले भारतीय जूडो खिलाड़ी बने, क्योंकि वह प्रतियोगिता से पहले हुए आउट-ऑफ-कम्पटीशन डोप टेस्ट में असफल रहे थे।

भारतीय जूडो टीम अभी ग्लासगो के लिए रवाना नहीं हुई है। जूडो मुकाबले 31 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि टीम के 27 जुलाई को रवाना होने का कार्यक्रम है। ऐसे में लगातार दो खिलाड़ियों के बाहर होने से भारतीय जूडो दल की तैयारियों और मेडल की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

(Inputs PTI)

यह भी पढ़ें:

CWG 2026 में 24 जुलाई को भारत का रहेगा यह शेड्यूल, ओलंपियन श्रीहरि नटराज पर रहेंगी सभी की नजरें

CWG 2026 में ओपनिंग सेरेमनी से पहले भारत का पहला मेडल हुआ पक्का, लवलीना बोरगोहेन का पदक जीतना हुआ तय

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।