CWG 2026: मीराबाई चानू ने लगाई गोल्ड मेडल की हैट्रिक, नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास

मीराबाई चानू ने लगाई गोल्ड मेडल की हैट्रिक. (फोटो- GETTY)
Mirabai Chanu, Commonwealth Games 2026: भारतीय वेटलिफ्टिंग की क्वीन कही जाने वाली साखोम मीराबाई चानू ने एक बार फिर इंटरनेशनल लेवल पर भारत का परचम लहराया है. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिलाओं के 48 किलोग्राम इवेंट में मीराबाई ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाल दिया है. यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में उनका लगातार तीसरा गोल्ड है, जिसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया है. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का ये पहला गोल्ड मेडल है.
मीराबाई चानू ने फिर फहराया तिरंगा
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम इवेंट में कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर भारत का पहला गोल्ड मेडल दिलाया है. इससे पहले उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट और 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारत के लिए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. इस बार भी वेटलिफ्टिंग के मंच पर उन्होंने अपना दबदबा बरकरार रखा.
नए रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड
मीराबाई चानू का यह प्रदर्शन न सिर्फ मेडल के लिहाज से खास रहा, बल्कि उन्होंने शानदार रिकॉर्ड्स भी अपने नाम दर्ज किए. उन्होंने स्नैच राउंड में 85 किलोग्राम वजन उठाया, जो नया गेम्स और कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड है. इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल पक्का किया. यानी मीराबाई चानू ने कुल 190 किलोग्राम वजह उठाया. बता दें, स्नैच राउंड में उनकी शुरुआत थोड़ी खराब रही जब 82kg की उनकी पहली कोशिश सफल नहीं हो सकी. हालांकि, दूसरी कोशिश में उन्होंने 82kg उठाकर खुद को संभाला और फिर अपनी आखिरी कोशिश में 85 किलोग्राम का शानदार वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड और चैंपियनशिप रिकॉर्ड कायम कर दिया.
PM मोदी ने भी की जमकर तारीफ
मीराबाई चानू की बड़ी उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके मीराबाई चानू को बधाई थी. PM मोदी ने X पर लिखा, ‘भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय! मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक बार फिर अपना हुनर दिखाया. उन्होंने 48 किलोग्राम कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता. लगातार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने और कुल मिलाकर चौथा CWG मेडल अपने नाम करने के साथ, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं. उन्हें बधाई! भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.’
Another glorious chapter in Indian Weightlifting!
The talented Mirabai Chanu once again showcased her skills at the Commonwealth Games with a stunning performance in the 48 kg category and winning Gold. With back-to-back Commonwealth Games Golds and an overall fourth CWG medal pic.twitter.com/37IOvMXBTI
— Narendra Modi (@narendramodi) July 26, 2026
कौन हैं मीराबाई चानू?
मणिपुर के इंफाल से ताल्लुक रखने वाली साइखोम मीराबाई चानू भारत की सबसे सफल और दिग्गज वेटलिफ्टरों में से एक हैं. ओलंपिक में भारत के लिए मेडल जीतने से लेकर कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीन गोल्ड मेडल अपने नाम करने तक, मीराबाई चानू ने भारत के लिए कई मेडल जीत हैं. मीराबाई चानू जब सिर्फ 13 साल की थीं तभी से उन्होंने ट्रेनिंग करनी शुरू कर दी थी. लेकिन उनके लिए ये सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा है, शुरुआती दिनों में परिवार की आर्थिक स्थिति के चलते वो अपना डाइट चार्ट तक फॉलो नहीं कर पाती थी. लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और आज वो पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रही हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More