DCC अध्यक्ष बोले-हर हाल में बनाएंगे कांग्रेस का बोर्ड: उदयपुर में चुनावी मिशन को लेकर नगर निगम के हर वार्ड में पहुंचेंगे कांग्रेसी - Udaipur News
उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी हर हाल में नगर निगम में अपना बोर्ड बनाएगी।
.
इसके लिए संगठन ने चुनावी मिशन शुरू करते हुए निर्णय लिया है कि नेता और कार्यकर्ता शहर के हर वार्ड में पहुंचकर जनसंपर्क करेंगे और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों एवं स्थानीय मुद्दों को लेकर अभियान चलाएंगे।
मंगलवार को उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शास्त्री सर्किल स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, वर्ष 2019 में निर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों के साथ पूर्व पार्षद प्रत्याशियों ने भाग लिया।
इस दौरान संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने तथा चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर मंथन किया गया। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर हर वार्ड में जनसंपर्क अभियान तेज करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आमजन से लगातार संवाद बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का बनाएंगे बोर्ड
कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनाना संगठन का लक्ष्य है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर वार्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे, उनके समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को पार्टी के आगामी जनहितकारी घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
राठौड़ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के बीच ले जाना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि लगातार जनसंपर्क और संवाद बनाए रखेगी।
बैठक में संगठन महामंत्री अरुण टांक, दिनेश कुमार दवे, चंदा सुवालका, ब्लॉक अध्यक्ष शंकर चंदेल, अजय सिंह, मंडल अध्यक्ष महेश धनावत, मयंक खमेसरा,अमित सुवालका, राकेश जोशी, श्याम सुंदर गुर्जर, अमित श्रीवास्तव, हिदायततुल्ला, नजमा मेवाफरोश, अजय पोरवाल, फिरोज अहमद शेख, प्रमोद मेनारिया, नेहा कुमावत, विनोद जैन, शैलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।