दिल्ली प्रीमियर लीग का तीसरा सीजन होगा यादगार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में बोले DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली
Aug 01, 2026 06:55 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
दिल्ली प्रीमियर लीग के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इस तीसरे सीजन के यादगार होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा है कि दर्शकों के लिए यह सीजन बेहतरीन अनुभवों वाला होगा।

दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और रोहन जेटली उद्घाटन समारोह में
दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की शुरुआत 31 जुलाई, शुक्रवार से हुई। ओपनिंग मैच के दौरान दर्शकों को एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिली, जिसमें मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा और सुखबीर सिंह ने लाइव परफॉर्मेंस दी। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उद्धाटन समारोह में मौजूद रहीं। उद्घाटन मैच रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ और दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री के साथ वीरेंद्र सहवाग, अंजुम चोपड़ा जैसे बड़े क्रिकेटर भी मौजूद रहे।
रोहन जेटली ने यादगार सीजन होने की जताई उम्मीद
DPL की प्रेस रिलीज़ के अनुसार, ओपनिंग मैच के दौरान दर्शकों को एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिली, जिसमें मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा और सुखबीर सिंह ने लाइव परफॉर्मेंस दी। इस दौरान दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के प्रेसिडेंट रोहन जेटली ने कहा कि यह लीग हर सीजन के साथ और बेहतर होती गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि दर्शक इस बार भी एक यादगार टूर्नामेंट देखेंगे। उन्होंने टूर्नामेट के तीसरे संस्करण की शुरुआत से पहले कहा, "हमें दिल्ली प्रीमियर लीग का एक और सीजन शुरू करते हुए बहुत खुशी हो रही है। पिछले सीजन के मुकाबले यह टूर्नामेंट बहुत आगे बढ़ा है और खिलाड़ियों, फ्रेंचाइजी और फैंस का सपोर्ट जबरदस्त रहा है। हमें यकीन है कि यह सीजन और भी रोमांचक होगा, जिसमें अरुण जेटली स्टेडियम में बेहतरीन क्रिकेट, कड़े मुकाबले और शानदार माहौल देखने को मिलेगा। हम उम्मीद करते हैं कि बड़ी संख्या में फैंस आएंगे और टूर्नामेंट का मज़ा लेंगे।"
पहले मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने मारी बाजी
दिल्ली प्रीमियर लीग की दो सफलताओं के बाद तीसरे संस्करण का पहला मैच पुरानी दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बीच खेला गया, जिसे सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 4 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली की टीम ने कप्तान अनुज रावत के 59 गेंदों में 105 रनों की ताबड़तोड़ शतकीय पारी की मदद से 202 रन बनाए थे और 203 रनों का लक्ष्य दिया था। हालांकि, इस लक्ष्य को सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पांच गेंद शेष रहते ही 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। कप्तान यश धुल ने अर्धशतकीय पारी खेली। आईपीएल स्टार दिग्वेश राठी पुरानी दिल्ली टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें बल्लेबाजों ने आड़े हाथों लिया और चार ओवर में 44 रन खर्च कर दिए।
30 अगस्त तक चलेगा टूर्नामेंट
बता दें कि यह टूर्नामेंट पूरे महीने चलेगा और इसका फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को रात्रि 8 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विराट कोहली के भतीजे और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भी इस लीग का हिस्सा हैं। कोहली के भतीजे का नाम आर्यवीर कोहली और वीरेंद्र सहवाग के बेटे का नाम वेदांत सहवाग है। ये दोनों खिलाड़ी पुरानी दिल्ली के स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
