Delhi Bus Safety Order: स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप के बाद दिल्ली में बसों के लिए सुरक्षा से जुड़े 8 आदेश - Haribhoomi

Delhi Bus Safety Order: दिल्ली में 16 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप के बाद दिल्ली सरकार ने सुरक्षा से जुड़े 8 ऑर्डर जारी किए हैं।

Delhi Bus Safety Order

नाबालिग से गैंगरेप के बाद बसों के लिए 8 नए नियम तय।

  • Published: 02 Sep 2026, 05:16 PM IST
  • Last Updated: 02 Sep 2026, 05:16 PM IST

Delhi Bus Safety Order: ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था। इस कांड के बाद अब दिल्ली सरकार ने बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब दिल्ली परिवहन विभाग ने बस ऑपरेटरों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है।  इन निर्देशों में बसों में जीपीएस, पैनिक बटन, CCTV और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कई अहम प्रावधान शामिल हैं।

दिल्ली सरकार के 8 आदेश

  • बसों में लगे GPS/VLTD और पैनिक बटन चालू हालत में होने चाहिए। इनकी समय-समय पर जांच होगी।
  • बसों में ऐसे पर्दे नहीं लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से अंदर हो रही गतिविधियों को न देखा जा सके। धुंधले या काले शीशे भी नहीं लगे होने चाहिए।
  • बसों को असुरक्षित या अनधिकृत जगहों पर रोकने की परमिशन नहीं होगी, खासतौर पर सड़क के बीच और चौराहों पर बस रोकने से बचना होगा।
  • ड्राइवर, कंडक्टर और बस के दूसरे कर्मचारियों और महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील बनाया जाएगा।
  • बस में महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना सामने आने पर चालक और स्टाफ को तुरंत पुलिस को सूचना देनी होगी।
  • बस चालक के पास वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज होने चाहिए। बस स्टाफ का सत्यापन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ड्राइवरों को नशे की हालत में बस चलाने की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों के साथ भी शालीन व्यवहार सुनिश्चित करना होगा।
  • बस ऑपरेटरों को फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और दूसरे जरूरी परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

ड्राइवर और कंडक्टर ने किया था दुष्कर्म

बता दें कि 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप हुआ था। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है। वह अपने रिश्तेदार के घर आ रही थी, तभी ग्रेटर नोएडा से पुरानी दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच बस ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे हवस का शिकार बनाया।

इस कांड के सामने आने के बाद सड़क से लेकर बस तक कई तरह की समस्या देखने को मिली थीं, जिसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने निर्देश जारी किए हैं। सरकार के नए निर्देशों का उद्देश्य बसों के भीतर निगरानी बढ़ाने, आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत मदद उपलब्ध कराने और बस स्टाफ की जवाबदेही तय करने के साथ ऐसी घटनाओं को रोकना है।

स्लीपर बस में क्या गड़बड़ियां देखने को मिली ?

  • 47 किलोमीटर के रास्ते में केवल 2 चेकप्वाइंट मिले, लेकिन किसी ने बस की कोई जांच-पड़ताल नहीं की।
  • रास्ते में कुछ जगह बैरिकेडिंग तो मिली, लेकिन पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे।
  • बस का CCTV घटना के दौरान बंद था, जिससे अंदर की गतिविधियों की निगरानी नहीं हो सकी।
  • बस में पर्दे लगे हुए थे, जिसके कारण अंदर क्या हो रहा था, इसे बाहर से देख पाना संभव नहीं था।
  • गैंगरेप के बाद लड़की को जहां उतारा गया, वहां भी CCTV कैमरे नहीं थे।