Delhi Cab Driver Murder: 3 सवारियों ने काट दी कैब ड्राइवर की गर्दन, लाश लेकर टहलते रहे, ऐसे दबोचे गए हत्यारे

Time Published: Tuesday, July 28, 2026, 16:24 [IST]

Delhi Cab Driver Vijay Kumar Murder: पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर में एक कैब ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पहले आरोपियों ने कैब बुक की। इसके बाद, सफर शुरू होते ही तीन सवारी ने मिलकर कैब ड्राइवर पर चाकू से हमला बोला। बारी-बारी से कई वार किए। कैब ड्राइवर की गर्दन काट दी। इसके बाद, कार की पिछली सीट पर डेडबॉडी को लेकर टहलते रहे।

आजाद नगर मेट्रो स्टेशन (Azad Nagar Metro Station) के पास कार का एक्सीडेंट हो गया। आननफानन में आरोपी कार में डेडबॉडी छोड़कर भाग निकले। इलाके में सनसनी फैल गई। दिल्ली पुलिस ने मात्र 24 घंटे में मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चौथा फरार है। आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर क्यों कैब ड्राइवर को उतारा मौत के घाट?

delhi-cab-driver-murder-three-passengers-kills

कैब बुक की, फिर कार में चला खूनी खेल

घटना कृष्णा नगर (Krishna Nagar) के रोड नंबर 57 के पास की है। यहां 23 जुलाई की शाम की पश्चिम विनोद नगर के निवासी विजय कुमार ( 40 वर्षीय) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, विजय अपनी मारुति वैगनआर कार (रैपिडो कैब) चलाते हुए घटनास्थल तक पहुंचा था। यहां चार सवारियों (अयान, साहिल, 17 वर्षीय नाबालिग और अमन) ने कैब बुक की। पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी पहले से शराब पीकर नशे में थे और 'आसानी से पैसे कमाने' की मंशा से लूट की योजना बना चुके थे।

चित्रा विहार लाल बत्ती के पास आरोपीयों ने कथित तौर पर विजय कुमार पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। कई घाव लगने के बाद उन्हें पीछे की सीट पर डालकर कार ले उड़े। रास्ते में शव को फेंकने की कोशिश की। बाद में वे वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और एक अन्य वाहन से टकरा गए। आसपास के लोगों ने उनका पीछा किया तो आरोपी ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास कार छोड़कर भाग निकले। विजय कुमार को गंभीर हालत में डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई चाकू के घाव सामने आए।

24 घंटे में दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा, 3 अरेस्ट, 1 फरार

कृष्णा नगर पुलिस स्टेशन और शाहदरा जिले के विशेष स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर 'ब्लाइंड मर्डर' मामले को सुलझा लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयान (20 वर्ष), जिसपर पहले भी डकैती और छीना-झपटी के चार मामले दर्ज है। दूसरा साहिल (19 वर्ष), छीना-झपटी का एक मामला दर्ज है। तीसरा 17 वर्षीय नाबालिग को दबोचा। वहीं, चौथा आरोपी अमन फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या का हथियार, खून से सने कपड़े, कार, मोबाइल फोन और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने कहा कि तकनीकी विश्लेषण और क्षेत्रीय जांच से मामले को सुलझाया गया। शेष आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

परिवार पर क्या बीती?

विजय कुमार अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी और बच्चे सदमे में हैं। घटना के बाद पत्नी की हालत खराब बताई जा रही है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है और कैब ड्राइवरों की सुरक्षा पर सख्त कदम उठाने की अपील की है।

हत्या के पीछे का मकसद क्या?

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि शराब पीने के बाद उन्होंने 'आसानी से पैसा कमाने' के लिए कैब लूटने की योजना बनाई। अमन ने चाकू का इंतजाम किया और अयान के फोन से रैपिडो बुकिंग की। नशे की हालत में अपराध की बर्बरता बढ़ गई।