दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त से पहले बढ़ाई सुरक्षा, सेकेंड हैंड कार डीलर पर कड़ी निगरानी - Haribhoomi

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त से पहले बढ़ाई सुरक्षा, सेकेंड हैंड कार डीलर पर कड़ी निगरानी

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सेकेंड हैंड वाहन बाजारों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है, ताकि वाहन संबंधी अनियमितताओं का फायदा असामाजिक और आतंकी तत्व ना उठा सके।

Delhi Police

दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए बढ़ाई सुरक्षा।

  • Published: 07 Aug 2026, 02:32 PM IST
  • Last Updated: 07 Aug 2026, 02:32 PM IST

Delhi Police: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने सेकेंड हैंड वाहन बाजारों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। सभी जिला पुलिस इकाइयों को पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड का गहन सत्यापन करने और बिना दस्तावेज होने वाले सौदों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस का मानना है कि वाहन संबंधी अनियमितताओं का फायदा असामाजिक और आतंकी तत्व उठा सकते हैं। इसी को देखते हुए इस बार सुरक्षा रणनीति में सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ सेकेंड हैंड वाहन कारोबार को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।

वाहन कारोबारियों का वेरिफिकेशन  

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपने क्षेत्र में संचालित सेकेंड हैंड कार डीलरों, ब्रोकरों और वाहन कारोबारियों का सत्यापन करें। जांच के दौरान खरीदार और विक्रेता की पहचान, आरसी ट्रांसफर, पते और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह निर्णय दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त अनिल शुक्ला ने राजधानी की सुरक्षा स्थिति और संभावित खतरों को लेकर अधिकारियों को प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी जिला पुलिस अधिकारियों को वाहन कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए।  

लाल किला के पास हुआ था धमाका

पुलिस की यह पहल पिछले वर्ष लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट की जांच से मिले अनुभवों के बाद और महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच में सामने आया था कि कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक ह्युंडई आई-20 कार का स्वामित्व आधिकारिक रूप से स्थानांतरित नहीं हुआ था, जबकि वह कई लोगों के बीच खरीदी और बेची जा चुकी थी। पुलिस का मानना है कि ऐसी खामियां सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकती हैं।

कहां बढ़ाई गई सुरक्षा ?

वाहन बाजारों के अलावा दिल्ली की सीमाओं, होटल और गेस्ट हाउस, किरायेदारों के सत्यापन, कबाड़ी बाजारों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई करना और राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।