दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना, जानिए कब होगी झमाझम बारिश ? - Haribhoomi
Delhi Weather Update: दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना, जानिए कब होगी झमाझम बारिश ?
Delhi Weather Update: दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है, जिसकी वजह से लोगों कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। यहां पढ़ें पूरी डिटेल...
दिल्ली में बारिश की संभावना।
- Published: 17 Jul 2026, 11:01 AM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 11:01 AM IST
Delhi Weather Update: दिल्लीवासियों को इन दिनों भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई महीने में गर्मी ने पिछले करीब दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि बीते दिन गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। यह जुलाई 2024 के बाद का सबसे ज्यादा तापमान है। इससे पहले 30 जुलाई 2024 को दिल्ली का पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज 17 जुलाई शुक्रवार को सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए थोड़ी राहत लेकर आई है। दरअसल आज सुबह ग्रेटर नोएडा और नोएडा के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है।
IMD की ओर से फिलहाल उत्तरी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और उत्तर पूर्व दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश (5 मिमी प्रति घंटा से कम) का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। संभावना जताई गई हैं कि इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष ने क्या बताया ?
मौसम विभाग का कहना है कि दिन में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं दोपहर या शाम के वक्त गरज-चमक वाले बाद हो सकते हैं। दिल्ली में बादल छाने के बावजूद भारी बारिश न होने के पीछे मौसम वैज्ञानिकों ने एक खास वजह बताई है।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत का कहना है कि अरब सागर से आने वाली नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं की वजह से दिल्ली के ऊपर बादल तो बन रहे हैं, लेकिन गुजरात के ऊपर से गुजरते हुए इन हवाओं की नमी काफी कम हो जा रही है। इसके अलावा फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है, जो इन बादलों को भारी बारिश में बदल सके।
दिल्ली में कब होगी बारिश ?
IMD का कहना है कि 18 जुलाई तक दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में गर्म व उमस भरी स्थितियां बनी रहेंगी। IMD ने 16 से 19 जुलाई के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 20 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली में भारी बारिश होने की संभावना है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आएगी।