Dhar Road Accident: धार में भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर; 6 की मौत
Dhar News: मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन हाईवे पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में छह युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसा ग्राम पंचकवासा के पास करीब दोपहर एक बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. वहीं कार में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए बदनावर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा गलत लेन में चलने की वजह से हुआ. कार सवार सभी युवक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे और उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद वैन से गुजरात लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रॉले ने उनकी वैन को टक्कर मार दी. दुर्घटना में वैन में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है.
हादसे के बाद मची मफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. वहीं, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई.
ट्रॉले ने कार को रौंदा
जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह ट्रॉले का रॉन्ग साइड में आना और तेज रफ्तार बताई जा रही है. हालांकि, दुर्घटना की पुलिस जांच कर रही है. कार सवार युवक उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन के बाद अपने घर वडोदरा लौट रहे थे. हादसे की वजह से युवकों का सफर बीच रास्ते में ही खत्म हो गया. हादसे की खबर वडोदरा में उनके परिवारों तक पहुंचने के बाद वहां भी मातम पसर गया.
एक ही हादसे में छह युवकों की मौत ने इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार जारी है.
रिपोर्ट- अविनाश /धार

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More