तमिलनाडु में मंदिर की छह एकड़ जमीन हड़पी, DMK नेता समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज - tamil nadu case registered against 6 people including a dmk leader in a temple land scam in tiruchirappalli

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में श्रीरंगम स्थित अरुलमिगु अरंगनाथ स्वामी मंदिर की जमीन धोखाधड़ी से रजिस्टर कराने के आरोप में डीएमके ...और पढ़ें

तमिलनाडु: तिरुचिरापल्ली में मंदिर की जमीन घोटाले में डीएमके नेता समेत 6 पर केस दर्ज (फोटो- एक्स)

तमिलनाडु: तिरुचिरापल्ली में मंदिर की जमीन घोटाले में डीएमके नेता समेत 6 पर केस दर्ज (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. तिरुचिरापल्ली में मंदिर की जमीन घोटाले में डीएमके नेता समेत 6 पर केस दर्ज

  2. मंदिर प्रबंधन के संयुक्त आयुक्त शिवरामकुमार की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में श्रीरंगम स्थित अरुलमिगु अरंगनाथ स्वामी मंदिर की जमीन धोखाधड़ी से रजिस्टर कराने के आरोप में डीएमके के स्थानीय नेता एम. रामकुमार समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

मंदिर प्रबंधन के संयुक्त आयुक्त शिवरामकुमार की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामकुमार ने उस समय सत्तारूढ़ डीएमके नेता होने की हैसियत का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए मंदिर की 7,515 वर्ग फुट जमीन अपने नाम पर रजिस्टर करा ली।

राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त मंत्री एस. रमेश (टीवीके) ने कहा कि डीएमके के इस स्थानीय पदाधिकारी ने सबको धोखा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके का चुनाव शिविर कार्यालय अवैध रूप से रजिस्टर की गई इसी जमीन पर चल रहा है। मंत्री ने पूर्व एचआर एंड सीई मंत्री और कुछ अधिकारियों की संभावित संलिप्तता का भी जिक्र किया।

रामकुमार ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच में पहले से ही एक केस लंबित है।

कैसे हुआ कथित घोटाला

एफआईआर के अनुसार, श्रीरंगम मंदिर के पास कुल 5 एकड़ 87 सेंट जमीन है। इसमें से एक हिस्से पर सरकारी अस्पताल किराए पर चल रहा है। सर्वे नंबर 762 की 7,515 वर्ग फुट जमीन को 2022 में अवैध रूप से रामकुमार के नाम ट्रांसफर कर दिया गया।

एफआईआर में रामकुमार के अलावा पद्मा रेंगराजन, विजया कृष्णसामी, आर. साउंदरराजन, वेंकटवरधन और तत्कालीन श्रीरंगम सब-रजिस्ट्रार का नाम भी शामिल है।

पद्मा रेंगराजन और विजया कृष्णसामी ने कथित तौर पर 5 दिसंबर 2022 को 1.45 करोड़ रुपये में यह जमीन रामकुमार को बेची। दो दिन बाद साउंदरराजन और विजया कृष्णसामी ने हिस्सेदारी का दावा करते हुए 72.5 लाख रुपये का सेल डीड रजिस्टर कराया।

19 जनवरी 2023 को वेंकटवरधन ने भी हिस्सेदारी का दावा कर 72.5 लाख रुपये का सेल डीड रजिस्टर कराया। इसके बाद करेक्शन डीड भी दर्ज की गई। तीनों सेल डीड की कुल वैल्यू 2.9 करोड़ रुपये बताई गई है।

मंत्री एस. रमेश ने कहा कि कई मौकों पर टाइटल डीड नंबर 1027 को मंदिर की जमीन घोषित किया जा चुका है।

2023 में अदालत में कुछ लोगों ने मालिकाना हक का दावा किया था, लेकिन मंदिर के स्वामित्व के पर्याप्त सबूत होने के कारण इसे स्वीकार नहीं किया गया। फिर भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यह विवादित जमीन डीएमके नेता के नाम रजिस्टर हो गई।