Double Murder: महिला और बच्चे की हत्या, लाश के टुकड़े कर नदी में फेंकें, पोस्टमार्टम में खुले खौफनाक राज!

Time Published: Tuesday, September 8, 2026, 22:55 [IST]

Double Murder: केरल के पलक्कड़ जिले के अट्टाप्पडी से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला और उसके चार वर्षीय बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद, लाश के टुकड़े-टुकड़े करके हत्यारे ने बोरियों में ठूंसकर भवानी नदी में ठिकाने लगा दिया।

घटना को अंजाम देकर पश्चिम बंगाल में भाग गया। दो दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रवथ दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दास ने दोनों की हत्या करने की बात कबूल की है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। आइए जानते हैं कि एक चूक ने कैसे खोल दिया हत्यारे का राज?

palakkad-double-murder

भवानी नदी में बोरियों से मिले थे शव

मामला तब सामने आया जब 6 सितंबर को चीरक्कडावु इलाके में भवानी नदी के पास तीन बोरियों में शव के टुकड़े मिले। मवेशी चराने गए स्थानीय लोगों की नजर बोरियों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल की 25 वर्षीय प्रणिता और उसकी चार वर्षीय बेटी जोहिता के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, यह पहचान आरोपी से मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर हुई।

महिला के सिर पर किए गए थे वार, बच्चे का गला घोंटा गया

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की गंभीरता सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के सिर पर धारदार हथियार से गहरे वार किए गए थे। वहीं, बच्चे की मौत गला घोंटने से होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शवों को क्षत-विक्षत कर अलग-अलग बोरियों में पैक किया गया और भवानी नदी में फेंक दिया गया। जांचकर्ताओं को आशंका है कि हत्या नदी के आसपास ही की गई हो सकती है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

बोरी ने खोला आरोपी तक पहुंचने का रास्ता

पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में उन बोरियों से अहम सुराग मिला, जिनमें शवों को रखा गया था। जांच में पता चला कि इन बोरियों का इस्तेमाल कोयंबटूर से अट्टाप्पडी के कोट्टाथारा इलाके की एक दुकान तक सामान पहुंचाने के लिए किया गया था।

इस सुराग के आधार पर पुलिस ने दास की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि वह करीब एक महीने पहले बागान में काम करने के लिए अट्टाप्पडी आया था और कुछ समय से प्रणिता के साथ रह रहा था।

हत्या के बाद पश्चिम बंगाल भाग गया

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दास पश्चिम बंगाल चला गया था। इसके बाद पलक्कड़ पुलिस की विशेष जांच टीम ने उसके ठिकाने का पता लगाया। सब-इंस्पेक्टर एच. हर्षद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई।

आरोपी ने कहा- महिला मेरी पत्नी नहीं थी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दास ने हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने यह भी दावा किया कि प्रणिता उसकी पत्नी नहीं थी और वह उसे केवल करीब दो महीने से जानता था। आरोपी के इस बयान के बाद पुलिस अब दोनों के बीच संबंधों और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

हत्या की वजह अब भी बड़ा सवाल

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला और बच्चे की हत्या क्यों की गई, आरोपी ने शवों को क्षत-विक्षत कर बोरियों में क्यों भरा और उन्हें नदी में फेंकने की योजना कैसे बनाई? पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है या नहीं, यह भी आगे स्पष्ट होगा।