मजहब अलग, दिल एक... जन्माष्टमी पर मुस्लिम DSP ने बेटे को बनाया 'कान्हा', तस्वीर ने जीता लोगों का दिल

मजहब अलग, दिल एक... जन्माष्टमी पर मुस्लिम DSP ने बेटे को बनाया 'कान्हा', तस्वीर ने जीता लोगों का दिल

पत्नी और कान्हा बने बेटे के साथ DSP सद्दाम हुसैन.

Katihar News: भारत में त्योहार सिर्फ पूजा-पाठ और परंपराओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये लोगों को जोड़ने और खुशियां बांटने का भी जरिया हैं. जन्माष्टमी के मौके पर बिहार के कटिहार से ऐसी ही एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जो आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रही है. कटिहार में ट्रैफिक डीएसपी के पद पर तैनात सद्दाम हुसैन अपने परिवार के साथ नजर आए. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने बेटे मोहम्मद अली को भगवान श्रीकृष्ण यानी कान्हा के रूप में सजाया था.

कान्हा के रूप में सजे नन्हे मोहम्मद अली

जन्माष्टमी के अवसर पर मोहम्मद अली को भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक पहनाई गई. नन्हे कान्हा के सिर पर मोर मुकुट था और हाथ में बांसुरी थी. कृष्ण के रूप में सजे बच्चे को देखकर आसपास मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई. यह दृश्य लोगों को काफी आकर्षित कर रहा था.

ये भी पढ़ें- गजब! मंत्री के स्वागत में फूल बरसाते रहे नेताजी, भीड़ में चोर ने गले से उड़ा ली 7 लाख की चेन

पत्नी और बेटे के साथ सड़क पर निकले DSP

सद्दाम हुसैन अपनी पत्नी और बेटे के साथ सड़क पर निकले. डीएसपी वर्दी में थे, जबकि उनकी गोद में कान्हा के रूप में सजा उनका बेटा था. परिवार का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. कई लोगों ने इस खूबसूरत पल को अपने कैमरे में कैद किया.

पुलिसकर्मियों ने भी खिंचवाई तस्वीरें

नन्हे कान्हा को देखकर वहां मौजूद कई पुलिसकर्मी भी खुद को रोक नहीं पाए. उन्होंने मोहम्मद अली के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. देखते ही देखते यह तस्वीर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई. सोशल मीडिया पर भी लोग इस तस्वीर को पसंद कर रहे हैं.

सद्दाम हुसैन और उनके परिवार की यह तस्वीर सिर्फ एक परिवार की खुशी नहीं दिखाती, बल्कि भारत की उस खूबसूरती को भी सामने लाती है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में खुशियां साझा करते हैं. जन्माष्टमी पर कान्हा बने मोहम्मद अली की तस्वीर इसी आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश देती है.

सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा

कटिहार की यह तस्वीर अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. तस्वीर को देखकर लोग इसे सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं. जन्माष्टमी के मौके पर सामने आया यह दृश्य यही संदेश देता है कि त्योहार भले ही अलग-अलग हों, लेकिन खुशियां सभी को जोड़ने का काम करती हैं.

राजेश कुमार ठाकुर

राजेश कुमार ठाकुर

बिहार के कटिहार से टीवी9 भारतवर्ष के लिए रिपोर्टिंग का जिम्मा संभाल रहे राजेश कुमार ठाकुर पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. कटिहार और सीमांचल में होने वाली हर हलचल पर नजर रखने वाले राजेश की पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2008 में स्थानीय न्यूज चैनल KBC से हुई. इसके बाद आर्यन टीवी बिहार-झारखंड, न्यूज़ वर्ल्ड, फोकस टीवी, टीएनपी, अजय भारत, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में इन्होंने काम किया. इन संस्थानों में कार्य करते हुए रिपोर्टिंग, फील्ड कवरेज और जनहित के मुद्दों पर मजबूत अनुभव हासिल किया.

Read More

google button