Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में डरावना हादसा, शॉर्ट लेग पर चोटिल होकर गिरे सुदीप घरामी, गर्दन पर लगी तेज गेंद

शॉर्ट लेग पर चोटिल होकर गिरे सुदीप घरामी. (फोटो- Screenshot/JioStar)
Duleep Trophy 2026, Sudip Gharami: दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन और ईस्ट जोन के बीच चल रहे कड़े संघर्ष के दौरान मैदान पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब फील्डर सुदीप घरामी गंभीर चोट का शिकार होते-होते बचे. शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे घरामी के हेलमेट और गर्दन के हिस्से पर बल्लेबाज के बल्ले से निकली गोली की रफ्तार जैसी गेंद सीधे जा लगी. दर्द से कराहते हुए नीचे गिरने के बावजूद घरामी ने साहस दिखाते हुए कैच नहीं छोड़ा. जिसके चलते सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रनों पर सिमट गई.
अरशद का करारा शॉट, मैदान पर दौड़ी मेडिकल टीम
ये घटना सेंट्रल जोन की पारी के आखिरी पलों में घटी, जब स्पिनर अनुकूल रॉय गेंदबाजी कर रहे थे. क्रीज पर टिककर 25 रन बना चुके अरशद खान ने अनुकूल रॉय की गेंद पर पूरी ताकत से एक शॉट खेला. जिस पर शॉर्ट लेग पर काफी करीब खड़े सुदीप घरामी को गेंद से बचने का मौका नहीं मिला और गेंद उनके हेलमेट से टकराते हुए गर्दन के संवेदनशील हिस्से पर जा लगी. गेंद के टकराने के झटके के बावजूद उन्होंने गेंद पर से नजर नहीं हटाई और कैच को सुरक्षित पकड़ लिया.
कैच पूरा करते ही सुदीप घरामी दर्द के मारे तुरंत मैदान पर गिर पड़े, जिसे देखकर साथी खिलाड़ी और अंपायर घबरा गए. मैदान पर तुरंत मेडिकल टीम को बुलाया गया और जांच शुरू की गई. हालांकि, कुछ देर के बाद सुदीप घरामी उठ खड़े हुए और अपनी टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ पवेलियन की ओर लौटे. जिसके पर मैदान पर मौजूद हर किसी ने राहत की सांस ली.
कौन हैं सुदीप घरामी?
27 साल के सुदीप घरामी बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. उनके घरेलू करियर की शुरुआत साल 2020 में हुई थी और वो अभी तक 41 फर्स्ट क्लास, 28 लिस्ट ए और 29 टी20 मैच खेल चुके हैं. उन्होंने हाल ही में नॉर्थ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में 146 रनों की एक शानदार पारी भी खेली थी, जिसके चलते ईस्ट जोन ने पारी और 210 रनों से मैच अपने नाम किया था.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More