Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी में गजब ड्रामा, ऐसा हुआ तो सिक्का उछालकर होगा विजेता का फैसला, जानिए BCCI का नियम

क्यों टॉस से होगा फाइनलिस्ट का फैसला? (फोटो- PTI)
Central Zone vs East Zone: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन और डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन के बीच कांटे की टक्कर काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. सेंट्रल जोन की पहली पारी को 266 रनों पर समेटने के बाद ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन की टीम भी पहली पारी में ठीक 266 रनों पर ही ऑलआउट हो गई. दोनों टीमों का पहली पारी का स्कोर बराबर होने के कारण अब पहली पारी की बढ़त का नियम इस मैच में काम नहीं आएगा. ऐसे में अगर यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म होता है, तो फाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला सिक्का उछालकर किया जा सकता है.
क्यों टॉस से होगा फाइनलिस्ट का फैसला?
घरेलू क्रिकेट में रेड-बॉल नॉकआउट क्रिकेट में आमतौर पर मैच ड्रॉ रहने पर पहली पारी में बढ़त लेने वाली टीम फाइनल में जाती है. लेकिन जब पहली पारी टाई हो जाए, तो बीसीसीआई के दूसरे नियमों का इस्तेमाल किया जाता है. पहला नियम औसत स्कोर नियम है, जो कुल रनों को गिरे हुए विकेटों से भाग देकर निकाला जाता है, लेकिन इसके लिए दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम का कम से कम 60 ओवर बल्लेबाजी करना जरूरू होता है.
लेकिन ईस्ट जोन की टीम 60 ओवर से पहले ऑलआउट हो गई थी, इसलिए औसत का नियम भी लागू नहीं होगा. अगर चौथी पारी के अंत तक कोई भी टीम जीत दर्ज नहीं कर पाती है और मैच ड्रॉ रहता है, तो किस्मत के सिक्के से विजेता चुना जाएगा, यानी टॉस कराया जाएगा और उससे विजेता चुना जाएगा.
साल 2013 में भी हुआ था कुछ ऐसा
दलीप ट्रॉफी में टॉस से फाइनलिस्ट तय होने का यह पहला मामला नहीं होगा. इससे पहले 2013-14 के सेमीफाइनल में भी ऐसा ही हुआ था. तब कोच्चि में भारी बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन का मैच रद्द हो गया था. पहली पारी पूरी न होने के कारण अंपायरों ने टॉस कराया, जिसे हरभजन सिंह की अगुआई वाले नॉर्थ जोन ने जीतकर फाइनल में एंट्री की थी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More