DUSU Election Result: कौन संभालेगा DUSU की कमान? आज हो जाएगा फैसला

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के बाद अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं. आज चुनाव के वोटों की गिनती की जा रही है. मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पस हॉल में जारी है. मतगणना को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और कई स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. 

1.51 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए हुई थी वोटिंग

इस बार DUSU चुनाव में मतदान दो शिफ्टों में कराया गया था. कुल 1,51,842 मतदाताओं के लिए 158 मतदान बूथ बनाए गए थे. इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 12 कंट्रोल रूम भी बनाए गए थे. वोटिंग के लिए कुल 1,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की व्यवस्था की गई थी. इनमें से 960 EVM का इस्तेमाल मतदान के लिए किया गया, जबकि 40 मशीनों को रिजर्व में रखा गया था. विश्वविद्यालय के 10 कॉलेजों में मतदान के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया था. 

सम्बंधित ख़बरें

चुनाव के दौरान टकराव की भी आई थी खबर

DUSU चुनाव के दौरान मतदान के अलावा कुछ घटनाओं ने भी सुर्खियां बटोरीं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की खबर सामने आई थी. बताया गया कि कॉलेज के बाहर नारेबाजी के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच यह स्थिति बनी. 

चार प्रमुख पदों पर आमने-सामने हैं उम्मीदवार

DUSU के प्रमुख पदों के लिए ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं. 

ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह को उम्मीदवार बनाया है. 

वहीं, NSUI की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद पर वीर छत्रथ, सचिव पद पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर गोपाल चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं. 

इसके अलावा AISA-SFI गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद के लिए अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद के लिए अक्षत शिखर, सचिव पद के लिए स्टैनज़िन डेस्क्योंग और संयुक्त सचिव पद के लिए बी परिजात मैदान में हैं.

अब मतगणना शुरू होने के साथ ही इन उम्मीदवारों के चुनावी प्रदर्शन पर सबकी नजर है। वोटों की गिनती पूरी होने के बाद DUSU के चारों प्रमुख पदों पर विजेताओं की तस्वीर साफ हो जाएगी. 

---- समाप्त ----

Live TV