E10 पेट्रोल मिलेगा या नहीं? BPCL चीफ अपने बयान से पलटे, सरकार ने भी दी सफाई
Aug 28, 2026 07:05 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

E10 पेट्रोल को लेकर BPCL के CMD संजय खन्ना के बयान से हलचल मच गई। पहले E20 के साथ E10 विकल्प पर विचार की बात कही गई, फिर बयान पर सफाई आई। सरकार ने भी कहा कि E10 शुरू करने की कोई योजना नहीं है।

E20 के बीच E10 पेट्रोल की एंट्री? BPCL CMD के बयान से हलचल, बाद में बदला बयान
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजय खन्ना ने गुरुवार को E10 पेट्रोल को लेकर ऐसा बयान दिया, जिस पर कुछ घंटे बाद कंपनी को सफाई देनी पड़ी। खन्ना ने कहा था कि मौजूदा E20 पेट्रोल के साथ ग्राहकों को E10 पेट्रोल का विकल्प देने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
BPCL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सफाई जारी करते हुए कहा कि E20 पेट्रोल को E10 से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। कंपनी के मुताबिक, CMD के जवाब को इस तरह पेश किया गया जैसे E10 को विकल्प के तौर पर लाने पर विचार किया जा रहा हो, जबकि ऐसा कहना सही नहीं है।
पहले क्या बोले BPCL के CMD?
BPCL की AGM के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय खन्ना से कम एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल के विकल्प को लेकर सवाल किया गया था। उन्होंने कहा था कि कंपनी इससे जुड़े अलग-अलग पहलुओं को देख रही है, लेकिन अभी कुछ भी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।
बाद में खन्ना ने यह भी स्पष्ट किया कि E20 को E10 से बदलने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि पुराने वाहनों के लिए E10 ईंधन उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
सरकार ने E10 पर क्या कहा?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, BPCL CMD के बयान के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय भी इस मामले में हैरान नजर आया। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सरकार में इस मुद्दे पर बिल्कुल कोई चर्चा नहीं हुई है। अधिकारी ने साफ कहा कि सरकार पहले भी बता चुकी है कि E10 ईंधन शुरू करने की कोई योजना नहीं है और इस रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
BPCL ने E20 के समर्थन में क्या कहा?
BPCL ने कहा कि पिछले तीन साल से ज्यादा समय से लाखों वाहन E20 ईंधन का इस्तेमाल कर रहे हैं और बड़े स्तर पर मिले अनुभव में इंजन को नुकसान या किसी अन्य तरह की चिंता का कोई सबूत सामने नहीं आया है।
कंपनी के मुताबिक, E20 से प्रदूषण कम करने, ग्रामीण समृद्धि बढ़ाने और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलती है। BPCL ने कहा कि वह राष्ट्रीय एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम का समर्थन जारी रखेगी और ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जुलाई में मांगी गई थी पेट्रोल पंपों की जानकारी
एक तेल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सरकार ने जुलाई में सभी कंपनियों से स्टोरेज और पेट्रोल डिस्पेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी जानकारी मांगी थी। साथ ही पेट्रोल पंपों पर एक और तरह का ब्लेंडेड पेट्रोल उपलब्ध कराने की व्यवहारिकता के बारे में भी जानकारी मांगी गई थी।
कंपनियों ने यह जानकारी सरकार को उपलब्ध करा दी थी। हालांकि अधिकारी ने कहा कि इसके बाद सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई औपचारिक संवाद नहीं हुआ है।