आय से अधिक संपत्ति मामले में कस्टम इंस्पेक्टर के खिलाफ ED की बड़ी कार्रवाई, ₹1.99 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में मणिपुर में बड़ी कार्रवाई की है. ED के इंफाल सब-जोनल ऑफिस ने तत्कालीन कस्टम्स एंड सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर सेइखोलेन किपगेन और अन्य से जुड़े मामले में कांगपोकपी और इंफाल ईस्ट जिले में स्थित करीब ₹1.99 करोड़ की दो अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं. इनमें जमीन और उस पर बने मकान शामिल हैं. यह कार्रवाई PMLA की धारा 5(1) के तहत की गई है.
CBI की FIR के बाद शुरू हुई ED की जांच
ED ने यह जांच CBI की एंटी करप्शन ब्रांच, इंफाल में दर्ज FIR के आधार पर शुरू की थी. CBI ने आरोप लगाया था कि सेइखोलेन किपगेन के पास उनकी आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में काफी अधिक संपत्ति है. इस मामले में CBI ने 22 दिसंबर 2022 को विशेष अदालत में चार्जशीट भी दाखिल की थी.
---विज्ञापन---
सात साल में बढ़ी संपत्ति पर जांच
ED के अनुसार, 1 जनवरी 2015 से 3 दिसंबर 2021 के बीच किपगेन और उनके परिवार की संपत्ति में काफी बढ़ोतरी हुई. जांच में करीब ₹1.99 करोड़ की ऐसी संपत्ति का पता चला, जिसे एजेंसी ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक माना है.
ED का आरोप है कि कथित तौर पर गलत तरीके से हासिल की गई रकम किपगेन ने अपने ससुर के पास रखवाई थी. बाद में यह पैसा ससुर के बैंक खाते में जमा हुआ और अलग-अलग समय पर किपगेन, उनकी पत्नी या अन्य लोगों को भेजा गया. कुछ भुगतान सीधे संपत्ति के विक्रेताओं को भी किए गए.
---विज्ञापन---
जमीन और मकान खरीदने में इस्तेमाल हुई रकम
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस रकम का इस्तेमाल जमीन खरीदने और उस पर मकान बनाने में किया गया. जमीन किपगेन की पत्नी वाहनेइतहम लूसी किपगेन के नाम पर खरीदी गई थी. ED का दावा है कि इस पैसे को सही स्रोत से आया हुआ दिखाने के लिए इसे ससुर की ओर से मिले गिफ्ट के रूप में बताया गया. हालांकि, एजेंसी के अनुसार, पहली नजर में ससुर के पास इतनी बड़ी रकम गिफ्ट करने की पर्याप्त आर्थिक क्षमता नहीं थी. ED का आरोप है कि उन्हें इस लेनदेन में केवल माध्यम के तौर पर इस्तेमाल किया गया.
PMLA के तहत संपत्तियां अटैच
ED ने आरोप लगाया है कि कथित अपराध से हासिल रकम यानी Proceeds of Crime का इस्तेमाल इन संपत्तियों को खरीदने और बनाने में किया गया. अटैच की गई दो संपत्तियों में एक सेइखोलेन किपगेन और दूसरी उनकी पत्नी के नाम पर है.
---विज्ञापन---
ED ने दोनों संपत्तियों को कथित अपराध से हासिल रकम के बराबर मूल्य की संपत्ति मानते हुए PMLA के तहत अस्थायी रूप से अटैच किया है. एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है.