ENG vs SL: लगातार 2 हैट्रिक का मिला इनाम, इंग्लैंड की टीम में आया इस बॉलर का नाम, 3 धुरंधर बाहर

ENG vs SL: लगातार 2 हैट्रिक का मिला इनाम, इंग्लैंड की टीम में आया इस बॉलर का नाम, 3 धुरंधर बाहर

हेनरी क्रोकोम को इंग्लैंड की ODI टीम में जगह मिली हैImage Credit source: Getty Images

एक बार हैट्रिक लेना आसान काम नहीं है. कई गेंदबाज इसके करीब आकर चूक जाते हैं. कई बार लगातार 2 विकेट लेकर तीसरी सफलता हाथ नहीं आती. वहीं एक गेंदबाज ऐसा भी है, जिसने एक नहीं बल्कि 2 बार हैट्रिक ली है, वो भी लगातार 2 मैच में. इस गेंदबाज को अब इंग्लैंड की टीम में जगह मिल गई है. श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने अपने स्क्वॉड का ऐलान किया. इसमें तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकोम को वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है. क्रोकोम ने काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए लगातार 2 हैट्रिक ली है.

क्रोकोम समेत 2 नए खिलाड़ी

श्रीलंका की टीम टी20 और वनडे सीरीज के लिए इसी महीने इंग्लैंड दौरे पर जा रही है, जहां 15 सितंबर से टी20 और फिर 22 सितंबर से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी. इसी सीरीज के लिए शुक्रवार 4 सितंबर को इंग्लैंड के सेलेक्टर्स ने स्क्वॉड का ऐलान किया. इसमें 2 नए खिलाड़ियों की एंट्री ने खास ध्यान बटोरा. वनडे टीम में जहां क्रोकोम्ब को मौका दिया गया है तो वहीं टी20 सीरीज के लिए ऐनेरिन डोनाल्ड को चुना गया है.

दोनों सीरीज के लिए टीम की कमान हैरी ब्रूक के हाथों में ही रहेगी. वनडे स्क्वॉड की बात करें तो हेनरी क्रोकोम को पहली बार वनडे टीम में बुलाया गया है. उन्हें ये मौका ससेक्स के काउंटी चैंपियनशिप मैच के दौरान ही मिला है, जिसमें उन्होंने हैट्रिक ली. ये उनकी लगातार दूसरी हैट्रिक है. इससे ठीक पिछले मैच में भी क्रोकोम ने हैट्रिक लेकर सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि ये कमाल उन्होंने रेड बॉल फॉर्मेट में किया था, जबकि उन्हें वनडे क्रिकेट के लिए चुना गया है. उनका लिस्ट ए रिकॉर्ड देखें तो इस गेंदबाज ने सिर्फ 36 मैच खेले हैं और 49 विकेट लिए हैं.

चोट के कारण 3 सितारे बाहर

इंग्लैंड को इस सीरीज में अपने कुछ स्टार खिलाड़ियों के बिना ही उतरना पड़ेगा, जो चोटिल हैं. स्टार ओपनर फिल सॉल्ट जांघ की चोट के कारण दोनों सीरीज से बाहर हैं. उनकी ही जगह 29 साल के डोनाल्ड को पहली बार बुलावा आया है. वहीं जैकब बैथेल और सैम करन भी अलग-अलग चोट के कारण इन दोनों सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. बैथेल तो भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी चोट से उबर नहीं पाए हैं. उन्हें घुटने में चोट लगी थी, जिसकी सर्जरी हुई है.

इंग्लैंड के स्क्वॉड

T20I टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जॉस बटलर, जेम्स कोल, जॉर्डन कॉक्स, लियम डॉसन, एनेरिन डोनाल्ड, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जॉश टंग

ODI टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, सॉनी बेकर, जॉस बटलर, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम, लियम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट, जॉश टंग.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button