जमुई में EOU का गुड्डू यादव गैंग पर शिकंजा: 25 ठिकानों पर छापेमारी, 5 गिरफ्तार, ₹34.19 लाख नकद-79 राउंड गोलियां बरामद - Jamui News

बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जमुई के चर्चित अपराधी गुड्डू यादव और उसके कथित संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।

.

जमुई और शेखपुरा जिले के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 34.19 लाख रुपये नकद,

79 राउंड राइफल की गोलियां, बड़ी संख्या में जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, वाहन खरीद से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।

17 लोगों पर केस, पत्नी दुलारी देवी भी नामजद ईओयू ने आर्थिक अपराध थाना, पटना में दर्ज कांड संख्या 14/26 में कुल 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें मुख्य आरोपी गुड्डू यादव, उसकी पत्नी एवं जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी समेत गिरोह के कई सदस्य शामिल हैं।

एजेंसी के अनुसार, गुड्डू यादव वर्ष 2000 से अपराध जगत में सक्रिय है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट और जमीन कब्जाने जैसे 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जमीन कब्जाने और अवैध संपत्ति बनाने का आरोप ईओयू का दावा है कि गिरोह राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर फर्जी निबंधन के जरिए जमीन कब्जाने का काम करता था।

व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित धन को संपत्तियों में निवेश किया गया।

जांच में गुड्डू यादव और दुलारी देवी के नाम 29 संपत्तियां मिली हैं। इसके अलावा गिरोह के सदस्यों और उनके परिजनों के नाम पर भी करोड़ों रुपये की संपत्तियों के दस्तावेज सामने आए हैं। कई बैंक खातों और निवेश की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी में नकदी, हथियार और अहम दस्तावेज मिले ईओयू, एसटीएफ, जमुई और शेखपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह 8:30 बजे विशेष अभियान चलाया।

गुड्डू यादव के ठिकानों से नकदी, 79 राउंड राइफल की गोलियां, बैंक पासबुक, जमीन और वाहनों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए।

विपिन यादव, शहनवाज अली और शम्भू यादव के घरों से भी लाखों रुपये नकद मिले।

वहीं छोटू यादव के घर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कई अन्य आरोपितों के ठिकानों से जमीन, बैंक और निवेश से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

आलीशान मकानों का होगा मूल्यांकन ईओयू ने बताया कि गुड्डू यादव, बाबूलाल यादव और ललन यादव द्वारा सिकंदरा और जमुई में बनाए गए आलीशान मकानों का मूल्यांकन कराया जाएगा।

एजेंसी का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों और उनके आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की गई है।

फिलहाल कुछ अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान जारी है।