EPF अकाउंट में ब्याज नहीं दिख रहा? जानिए सच्चाई, वरना हो सकती है बड़ी गलती

Jul 26, 2026 07:59 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • EPFO ने FY 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज क्रेडिट करना शुरू कर दिया है
  • अगर आपके EPF खाते में अभी तक ब्याज नहीं दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है
  • आइए जानते हैं कि ऐसे समय में क्या करना चाहिए
EPFO

EPFO ने FY 2025-26 के लिए शुरू किया 8.25% ब्याज क्रेडिट करना।

अगर आपके EPF (Employees' Provident Fund) खाते में अभी तक FY 2025-26 का 8.25% ब्याज दिखाई नहीं दिया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 15 जुलाई 2026 से ब्याज जमा करना शुरू कर दिया है, लेकिन यह प्रक्रिया सभी खातों में एक साथ नहीं होती। करोड़ों खातों में ब्याज चरणबद्ध तरीके से अपडेट किया जाता है, इसलिए कुछ लोगों के खाते में ब्याज पहले दिखाई देता है, जबकि कुछ को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

EPFO के मुताबिक, जैसे ही ब्याज आपके खाते में जमा होता है, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भेजा जाता है। इसके अलावा आप EPFO की वेबसाइट या UMANG ऐप पर जाकर अपनी EPF पासबुक में भी ब्याज की एंट्री देख सकते हैं। अगर अभी तक कोई SMS नहीं आया है या पासबुक में ब्याज नहीं दिख रहा है, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका ब्याज कट गया है या आपको कम पैसा मिलेगा।


ब्याज की राशि पर इसका कोई असर?

दरअसल, EPF पर मिलने वाला 8.25% वार्षिक ब्याज हर महीने के रनिंग बैलेंस के आधार पर गणना किया जाता है, लेकिन इसे साल में सिर्फ एक बार खाते में क्रेडिट किया जाता है, यानी भले ही आपके खाते में ब्याज जुलाई में दिखे या कुछ सप्ताह बाद आपको पूरा ब्याज मिलेगा। देरी सिर्फ पासबुक में एंट्री दिखने की होती है, ब्याज की राशि पर इसका कोई असर नहीं पड़ता।

बिल्कुल न करें ये गलती


हालांकि, एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है। अगर कोई सदस्य ब्याज क्रेडिट होने से पहले अपना पूरा EPF बैलेंस निकालकर खाता बंद कर देता है, तो उसे उस वित्त वर्ष का ब्याज नहीं मिल सकता। इसलिए, वित्त वर्ष खत्म होने के बाद और ब्याज जमा होने से पहले पूरा PF निकालने से बचना चाहिए। अगर बहुत जरूरी न हो, तो ब्याज आने का इंतजार करना ही बेहतर माना जाता है।

अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपके खाते में ब्याज आया है या नहीं, तो सबसे पहले EPFO यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर अपने UAN और पासवर्ड से लॉग इन करें। इसके बाद View टैब में जाकर पासबुक (Passbook) खोलें। अगर ब्याज जमा हो चुका होगा, तो वहां "Interest Updated up to 15/07/2026" लिखा दिखाई देगा। आप चाहें तो पासबुक की PDF भी डाउनलोड कर सकते हैं। यही सुविधा UMANG ऐप पर भी उपलब्ध है।

कुछ दिन करें इंतजार

EPFO ने बताया है कि इस बार करीब 34 करोड़ खातों में 8.25% की दर से ब्याज जमा किया जा रहा है। इसलिए अगर आपके खाते में अभी तक अपडेट नहीं दिखा है, तो कुछ दिन इंतजार करें। ब्याज की रकम पूरी मिलेगी और आपकी बचत पर किसी तरह का नुकसान नहीं होगा, बशर्ते आप ब्याज क्रेडिट होने से पहले पूरा EPF बैलेंस निकालकर खाता बंद न करें।