ETPL 2026 Final: एडिनबर्ग रॉकर्स बनी चैंपियन! एंड्रीज गौस के 90 रन बेलफास्ट वूल्व्स पर पड़े भारी

ETPL 2026 Final: एडिनबर्ग रॉकर्स बनी चैंपियन! एंड्रीज गौस के 90 रन बेलफास्ट वूल्व्स पर पड़े भारी

एडिनबर्ग रॉकर्स ने जीता ETPL 2026 का खिताब. (फोटो- INSTAGRAM/Castle Rockers)

ETPL 2026 Final: यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के पहले सीजन का खिताब एडिनबर्ग कासल रॉकर्स के नाम रहा. डबलिन के मलाहाइड स्थित द विलेज मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में मिचेल सैंटनर की अगुवाई वाली रॉकर्स ने ग्लेन मैक्सवेल की कप्तानी वाली बेलफास्ट वूल्व्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. लीग स्टेज में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली एडिनबर्ग की जीत के सबसे बड़े नायक विकेटकीपर-बल्लेबाज एंड्रीज गौस रहे, जिन्होंने 151 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सिर्फ 61 गेंदों पर नाबाद 90 रनों की मैच-जिताऊ पारी खेली.

ट्रेंट बोल्ट की कसी हुई गेंदबाजी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेलफास्ट वूल्व्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दिग्गज सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग तीसरे ही ओवर में सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद टिम टेक्टर ने डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की अहम साझेदारी निभाई और मोर्चा संभाला. टेक्टर ने 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 62 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, कप्तान ग्लेन मैक्सवेल 3 रन और विकेटकीपर लॉर्कन टकर 6 रन बनाकर सस्ते में निपट गए, लेकिन हैरी मानेन्ती ने अंत में 14 गेंदों पर नाबाद 16 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 150 रन के स्कोर तक पहुंचाया.

एडिनबर्ग के लिए अनुभवी कीवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए. वहीं, टॉम करन, मार्क वाट और जेजे स्मट्स को 1-1 सफलता मिली.

एंड्रीज गौस का तूफान, टीम बनी चैंपियन

151 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी रॉकर्स को रॉस अडायर ने तेज शुरुआत दी और 14 गेंदों पर 23 रन बटोरे, वहीं दूसरे ओपनर जेजे स्मट्स ने 23 गेंदों में 15 रन बनाए. दोनों के आउट होने के बाद रॉकर्स ने 79 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे. वहीं, नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे एंड्रीज गौस ने एक छोर मजबूती से थामे रखा और बेलफास्ट के गेंदबाजों पर लगातार प्रहार किए.

गौस ने 8 चौके और 4 छक्के जड़ते हुए 61 गेंदों में नाबाद 90 रन बनाए. वहीं, ब्रैंडन मैकमुलन ने 12 गेंदों पर 17 रन बनाए. पारी के 19वें ओवर में गौस ने ग्लेन मैक्सवेल की गेंदों पर लगातार एक चौका और एक छक्का जड़कर 8 गेंदें रहते रहते 18.4 ओवर में टीम को टारगेट हासिल करके टीम को 7 विकेट से खिताबी जीत दिला दी. एडिनबर्ग रॉकर्स ने छह टीमों वाले इस टूर्नामेंट के पहले एडिशन में लीग स्टेज से ही अपना दबदबा बनाए रखा था. लीग राउंड उसने 9 मैचों में 6 जीत हासिल की थी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button