Fact Check: धनबाद की यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन का वीडियो रांची के छात्र आंदोलन के नाम पर किया गया वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। धनबाद के बीबीएमकेयू में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरना दिया था।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Aug 7, 2026 at 06:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। झारखंड की राजधानी रांची में 25 जुलाई 2026 से ‘जयपाल सिंह मुंडा’ स्टेडियम में ‘जेपीएससी’ और ‘जेएसएससी’ परीक्षा को रद करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने बंद कमरे में बातचीत के प्रशासन के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिसके बाद अधिकारियों को जमीन पर बैठकर छात्रों से बातचीत करनी पड़ी। इस दावे को सच मानकर काफी वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल दावे की जांच की। यह दावा भ्रामक साबित हुआ। धनबाद की एक यूनिवर्सिटी के 27 जुलाई 2026 के वीडियो को अब रांची का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है। दरअसल, धनबाद के ‘बीबीएमकेयू’ में ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा) ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरना दिया था। वायरल वीडियो उसी दौरान का है। इसका रांची के छात्रों के धरने से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Live India News’ ने 7 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “Gen Z के आगे झुका प्रशासन! छात्रों के बीच जमीन पर बैठकर करनी पड़ी अधिकारियों को बातचीत। झारखंड के रांची में JPSC और JSSC परीक्षा विसंगतियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने प्रशासन के बंद कमरे में बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। छात्रों ने खुले मंच पर सभी के सामने वार्ता की मांग की, जिसके बाद SDO और ADM को प्रदर्शनकारियों के बीच जमीन पर बैठकर बातचीत करनी पड़ी। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।”

पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने इस पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। सर्च के दौरान ‘The Dhanbad Resistance’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का बड़ा वर्जन मिला। 27 जुलाई 2026 को अपलोड हुए इस वीडियो में बताया गया कि धनबाद के ‘बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय’ में छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर विरोध-प्रदर्शन किया था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड सर्च के जरिए हमें कई न्यूज वेबसाइट पर संबंधित तालाबंदी की खबरें मिलीं। ‘हिंदुस्तान’ की वेबसाइट पर मौजूद 28 जुलाई 2026 की एक खबर में बताया गया कि बीबीएमकेयू धनबाद के मेन कैंपस में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरना दिया।
पड़ताल के दौरान हमें ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर भी धनबाद के प्रदर्शन की एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि बीबीएमकेयू में आइसा के कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी, जिसके कारण कोई भी अंदर नहीं जा पाया।
जांच के दौरान हमें ‘दैनिक भास्कर’ के धनबाद संस्करण में भी आंदोलन से जुड़ी एक खबर मिली। 28 जुलाई 2026 को प्रकाशित इस खबर में बताया गया कि बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में आइसा ने सांकेतिक तालाबंदी की। आइसा ने 11 सूत्री मांगों को लेकर यह धरना दिया था।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, धनबाद के एजुकेशन रिपोर्टर आशीष सिंह से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो धनबाद का है। 27 जुलाई 2026 को बीबीएमकेयू के मुख्य कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन किया था। यह वीडियो उसी दौरान का है।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण के रांची संस्करण में 7 अगस्त 2026 को प्रकाशित खबर के अनुसार, ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन चल रहा है। वहीं, राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों से वार्ता के लिए एक दिन पहले ही चार मंत्रियों और चार विभागीय सचिवों की समिति का गठन कर दिया है। दूसरी ओर, छात्रों ने चेतावनी भी दी है कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 10 अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। यह प्रदर्शन 25 जुलाई से चल रहा है।

जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की गई। पता चला कि ‘लाइव इंडिया न्यूज’ नाम के पेज को फेसबुक पर नौ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इस पेज को 2022 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। धनबाद के बीबीएमकेयू में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरना दिया था। उसी प्रदर्शन के वीडियो को अब रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन के नाम पर वायरल किया गया है।
- Claim Review : रांची में हो रहे छात्रों के आंदोलन का वीडियो।
- Claimed By : FB Page Live India News
- Fact Check : भ्रामक
Our Sources
- Video of The Dhanbad Resistance Youtube Channel, Dated 28 Jul 2026
- News Report of Live Hindustan, Dated 28 Jul 2026
- News Report of TOI, Dated 27 Jul 2026
- News Report of Dainik Bhaskar, Dated 28 Jul 2026
- News Report of Dainik Jagran, Dated 7 Aug 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: रांची में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच झारखंड कांग्रेस प्रमुख से दीपके की मुलाकात का दावा FAKE
- Fact Check: बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह के साथ हुई मारपीट का दावा फेक
- Fact Check: अमित शाह के इस्तीफे की मांग के साथ दिल्ली में प्रदर्शन का दावा गलत, वीडियो कोलकाता का है
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें
Next Article
