Fact Check: सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन के नाम पर पीएम मोदी, खरगे और प्रियंका गांधी का पुराना वीडियो वायरल

वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा फर्जी साबित हुआ। वायरल वीडियो 10 अगस्त 2026 को सुप्रिया सुले की बेटी की शादी के रिसेप्शन का नहीं है। दरअसल, यह वीडियो मार्च 2025 में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटों के रिसेप्शन का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरद गुट की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी का रिसेप्शन राजधानी दिल्ली में 10 अगस्त 2026 को आयोजित हुआ। इसी रिसेप्शन के नाम पर सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस की लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी का हालचाल पूछते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को भी देखा जा सकता है। वीडियो में खरगे मोदी से कहते हैं कि ‘आप थोड़ा बदल गए हैं।’

विश्वास न्‍यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। हमने पड़ताल में वायरल पोस्ट को भ्रामक पाया। दरअसल, वायरल वीडियो पुराना है। यह मार्च 2025 में दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटों कार्तिकेय और कुणाल के रिसेप्शन का है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Dhirendra Pathak’ ने 13 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में जब पक्ष विपक्ष आमने सामने हुआ! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – और प्रियंका कैसी हैं आप? प्रियंका गांधी – अच्छी हूं सर! आप कैसे हैं? नरेंद्र मोदी – मैं तो वैसा ही हूं। मल्लिकार्जुन खड़गे – भाई साहब थोड़ा सा बदल गए हैं। नरेंद्र मोदी – अच्छा। ऊ तेरी की,एक दूसरे को अंधभक्त और चमचे बोलने वाले भैया जी आँखे हो तो खोल के देखो।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके ऑडियो को ध्यान से सुना। इसमें पीएम मोदी को प्रियंका गांधी से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि प्रियंका कैसी हैं आप? इसके जवाब में प्रियंका गांधी कहती हैं कि अच्छी हूं सर! आप कैसे हैं? फिर वीडियो में नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं तो वैसा ही हूं। इसके बाद मल्लिकार्जुन खरगे कहते हैं कि भाई साहब थोड़ा सा बदल गए हैं। खरगे को जवाब देते हुए पीएम मोदी हंसते हुए कहते हैं, अच्छा।

विश्वास न्यूज ने इसके बाद वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें एक पुराना वीडियो 20 सितंबर 2025 को एक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड किया हुआ मिला। इसे ‘सुजीत कुमार’ नाम के यूजर ने अपलोड किया था।

सर्च के दौरान हमें इस रिसेप्शन का सबसे पुराना वीडियो 19 मार्च 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। इसमें हमें वायरल क्लिप भी मिली। इसे ‘Kauntey Singh’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने अपलोड करते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटों कार्तिकेय और कुणाल के ‘आशीर्वाद समारोह’ का बताया ।

कीवर्ड सर्च के दौरान हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ पर पब्लिश की गई एक पुरानी खबर मिली। इसमें बताया गया कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दोनों बेटों और पुत्रवधुओं का आशीर्वाद समारोह दिल्ली में आयोजित किया गया था। एयरफोर्स स्टेशन पर कार्तिकेय-अमानत और कुणाल-रिद्धि की रिसेप्शन पार्टी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई नेता पहुंचे थे।

हमारी अब तक की जांच में यह साबित हो गया कि सुप्रिया सुले की बेटी की शादी के रिसेप्शन के नाम पर वायरल वीडियो दरअसल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के बेटों की शादी के रिसेप्शन का है।

जांच के अगले चरण में हमने सुप्रिया सुले की बेटी की शादी के रिसेप्शन से जुड़े वीडियो सर्च करना शुरू किया। हमें ‘एनडीटीवी’ के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। 11 अगस्त 2026 की इस रिपोर्ट में पीएम मोदी के अलावा कई दिग्गज नेताओं को रिसेप्शन पार्टी में देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो और एनडीटीवी के वीडियो को देखने से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी के रिसेप्शन का नहीं है, क्योंकि दोनों वीडियो में पीएम मोदी अलग-अलग रंग की जैकेट पहने हुए दिख रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी के रिसेप्शन के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें ‘एबीपी लाइव’ की वेबसाइट पर एक फोटो गैलरी मिली। इसमें रिसेप्शन की तस्वीरों को देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के करीबी सहयोगी प्रणव झा से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “वायरल वीडियो पुराना है। सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में कांग्रेस अध्यक्ष नहीं गए थे। वायरल वीडियो शिवराज सिंह चौहान के बेटों के रिसेप्शन का है।”

वायरल वीडियो को सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन का बताकर ‘जागरण डॉट कॉम’ पर भी पब्लिश किया गया था। करेक्शन पॉलिसी के तहत इसे अपडेट कर दिया गया।

क्या है संदर्भ?

सुप्रिया सुले की बेटी रेवती की शादी का रिसेप्शन 10 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में शरद पवार के सरकारी आवास 6 जनपथ रोड पर हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता और बिजनेसमैन पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी यहां पहुंचे थे। इससे संबंधित खबर को ‘एएनआई न्यूज’ की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है। यह खबर 11 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई थी।

जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि फेसबुक पर इस यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर वाराणसी का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा फर्जी साबित हुआ। वायरल वीडियो 10 अगस्त 2026 को सुप्रिया सुले की बेटी की शादी के रिसेप्शन का नहीं है। दरअसल, यह वीडियो मार्च 2025 में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटों के रिसेप्शन का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में पीएम मोदी ने प्रियंका गांधी का हालचाल पूछा।
  • Claimed By : FB User Dhirendra Pathak
  • Fact Check : भ्रामक

Our Sources

  1. Video of Instagram Handle, 20 Sep 2025 
  2. Video of Instagram Handle, 18 Mar 2025 
  3. News Report of Bhaskar.com
  4. Video of NDTV Youtube Channel, Dated 11 Aug 2026 
  5. Repor ot ABP Live, Dated 11 Aug 2026 
  6. News Report of ANI News, Dated 11 Aug 2026 

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: झारखंड के छात्र आंदोलन में नहीं गए हैं अभिजीत, वायरल वीडियो दिल्ली का है
  • Fact Check: रांची के छात्र आंदोलन का नहीं, इंदौर में भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प का है वायरल वीडियो
  • Fact Check: पुलिस के सामने गिड़गिड़ाती युवती का वायरल वीडियो झारखंड का नहीं, बिहार के प्रदर्शन का है

टैग्स

  • mallikarjun kharge video
  • PM Modi Old Video
  • PM Modi Viral Video
  • Revati Sule viral video
  • Revati Sule wedding reception
  • Revati Sule wedding video

अपनी प्रतिक्रिया दें