Fact Check: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढही, लेकिन वायरल वीडियो करावल नगर में हुए हादसे का है- Viral Delhi Satya Niketan building collapse videos online are actually Karawal Nagar Building Collapse
दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चल रहा है। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल किया जा रहा वीडियो दिल्ली के करावल नगर में जून 2026 में हुए हादसे का है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ अभी भी मलबे में दबे हैं। इस हादसे से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक इमारत को ढहते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को सत्य निकेतन हादसे का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो दिल्ली के करावल नगर में हुए हादसे का है। वहां जून 2026 में एक चार मंजिला इमारत ढह गई थी। हालांकि, समय रहते उसे खाली करा लिया गया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई थी। इस वीडियो का सत्य निकेतन हादसे से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘जागो जनमत’ ने 7 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली में बड़ा हादसा: सत्य निकेतन में 5 मंजिला बॉयज PG हॉस्टल ‘हॉस्टल डेज’ ढहा, 5 छात्रों की मौत, कई मलबे में फंसे
नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। पांच मंजिला बॉयज पेइंग गेस्ट हॉस्टल की इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में कम से कम 5 छात्रों की मौत की खबर है और 15-20 छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इमारत में बेसमेंट सहित 5 मंजिलें थीं। बताया जा रहा है कि इमारत 40-50 साल पुरानी थी और बेसमेंट में मरम्मत/निर्माण का काम चल रहा था। गवाहों का कहना है कि ऊपर की संरचना को मजबूत किया गया था लेकिन नीचे के खंभे कमजोर थे। बारिश के कारण बेसमेंट में पानी भरने से हादसा और बढ़ गया। हॉस्टल में करीब 15 कमरे थे, हर कमरे में 2-3 छात्र रहते थे। ज्यादातर छात्र केरल, हरियाणा, UP से आए थे और मोतीलाल नेहरू, ARSD, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज में पढ़ते थे। रविवार होने से कई छात्र कमरों में ही मौजूद थे। गवाहों ने बताया कि भूकंप जैसा हल्का कंपन महसूस हुआ और फिर पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। कुछ फंसे छात्रों से फोन पर संपर्क भी हुआ है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी – NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस मौके पर हैं। कई लोगों को मलबे से निकाला गया है, एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कई घायलों की हालत गंभीर है। एहतियातन पास की एक इमारत को खाली कराया गया है। दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक (गुरुग्राम निवासी) के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा कहा है।”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने उसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस पर सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘SA News Delhi‘ ने 4 जून 2026 को वायरल वीडियो की क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा था, “दिल्ली के करावल नगर में चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इमारत में पहले से दरारें दिखने पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।”

‘ईटीवी भारत’ की वेबसाइट पर 4 जून 2026 को छपी एक रिपोर्ट में वायरल वीडियो के कीफ्रेम का प्रयोग किया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में 3 जून 2026 की शाम को प्रकाश विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हालांकि, इमारत में दरारें पड़ने के बाद उसे पहले ही खाली करा लिया गया था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई।

‘दैनिक भास्कर’ की 4 जून 2026 की एक रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो के एक हिस्से को देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट में भी वीडियो क्लिप को करावल नगर में हुए हादसे का बताया गया था।

इस बारे में हमने सत्य निकेतन हादसे को कवर कर रहे ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के क्राइम रिपोर्टर राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और बचाव कार्य अभी भी चल रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो इस हादसे का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर 2026 को एक पांच मंजिला इमारत के ढहने से कई छात्र उसके मलबे में दब गए थे। दैनिक जागरण की 7 सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 11 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। वहीं, कुछ की मौत हो चुकी है, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।
‘आजतक’ की एक अपडेटेड रिपोर्ट के मुताबिक, ”इस हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम चल रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि आसपास की खराब इमारतों को गिराया जाएगा और बगल की इमारत को तुरंत गिराया जाएगा।”
‘नवभारत टाइम्स’ की 7 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के बाद सीएम रेखा गुप्ता के निर्देश पर एमसीडी ने पांच अधिकारियों को सस्पेंड किया है। इनमें साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, रणवीर सिंह, ललित कुमार गोयल, सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है।
अंत में हमने पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। 4 अगस्त 2017 को बने इस फेसबुक पेज के करीब 25 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चल रहा है। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल किया जा रहा वीडियो दिल्ली के करावल नगर में जून 2026 में हुए हादसे का है।
- Claim Review : दिल्ली के सत्य निकेतन में ढही इमारत का वीडियो।
- Claimed By : FB User- जागो जनमत
- Fact Check : भ्रामक
Our Sources
- Video posted by FB@SA News Delhi, Dated 4 Jun 2026
- News Report by ETV Bharat, Dated 4 Jun 2026
- News Report by Dainik Bhaskar, Dated 4 Jun 2026
- News Report by Dainik Jagran, Dated 7 Sep 2026, Dated 7 Sep 2026
- News Report by Aaj Tak, Dated 7 Sep 2026
- News Report by Navbharat Times, Dated 7 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: यूपी में गोतस्करी के संदेह में मुस्लिम नहीं, हिंदू महिलाओं की हुई पिटाई, FAKE है वायरल पोस्ट
- Fact Check: फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में हालिया टर्बुलेंस के नाम पर वायरल किया गया आठ साल पुराना वीडियो
- Fact Check: आंसू गैस का गोला वापस फेंकते प्रदर्शनकारी का यह वीडियो नेपाल का है, ‘संसद मार्च’ का नहीं
टैग्स
- Delhi Building Collapse
- Delhi Viral Video
- Karawal Nagar Building Collapse
- Satya Niketan Building Collapse
- Satya Niketan Viral Video
- viral video
अपनी प्रतिक्रिया दें
