अमेरिका FBI का बड़ा एक्शन: जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गुर्गा नीतीश कौशल मोस्ट वांटेड घोषित - Haribhoomi
Gangster Nitish Kaushal: गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है।
गैंगस्टर नीतीश कौशल मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल।
- Published: 15 Jul 2026, 10:57 AM IST
- Last Updated: 15 Jul 2026, 10:58 AM IST
Gangster Nitish Kaushal: अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गिरोह से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है। FBI का कहना है कि नीतीश कौशल एक इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट का एक्टिव मेंबर है। नीतीश कौशल हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल है।
FBI ने अपने बयान में कहा है कि जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप पंजाब से शुरु हुआ था, लेकिन इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट समेत कई देशों तक फैला हुआ है।
अमेरिकी जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि नीतीश कौशल ने इस गैंग की ओर से अपहरण, हमले और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। FBI का कहना है कि 25 जून 2026 को लॉस एंजिल्स में स्थित US डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया ने नीतीश कौशल के खिलाफ रैकेटीयर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (RICO) कॉन्सीपिरेसी के आरोप में अरेस्ट वारंट जारी किया था।
लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के खिलाफ कार्रवाई शुरु
FBI ने ऑपरेशन हार्ड बॉल (Operation Hard Ball) के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के खिलाफड़े पैमाने पर छापेमारी की थी। नीतीश कौशल को मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल करने को अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई का अहम फैसला माना जा रहा है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के खिलाफ भी अमेरिका के न्याय विभाग, उसकी संघीय जांच एजेंसी FBI, कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस और यूरोप की कई एजेंसियों ने मिलकर ऑपरेशन हार्ड बॉल (Operation Hard Ball) शुरू किया है।
37 आरोपियों के खिलाफ अभियोग दायर
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान में 37 आरोपियों के खिलाफ अभियोग दायर किए गए हैं, 24 आरोपियों को अमेरिका, कनाडा और यूरोप से गिरफ्तार किया गया है और उनके 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इन ठिकानों से करीब 1000 किलोग्राम कोकीन, हेरोइन, हथियार और कैश बरामद किया गया है।
अमेरिकी न्याय विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य उन इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट को खत्म करना है, जो भारत से संचालित होकर अमेरिका, कनाडा और दूसरे देशों में हत्या, रंगदारी, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई, अपहरण और धनशोधन जैसी गतिविधियां चला रहे थे।