रिटायर्ड अफसरों को मौका : झारखंड में FCI के 6 पदों पर निकली भर्ती

Ranchi News :  झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (JSFC) ने डिप्टी मैनेजर (ऑपरेशंस) के 6 पदों पर भर्ती निकाली है. यह नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी. खास बात यह है कि इन पदों पर भारतीय खाद्य निगम (FCI) के सेवानिवृत्त अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं. 

कौन कर सकता है आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार 10 सितंबर तक आवेदन दे सकते हैं. चयन के बाद उम्मीदवारों की झारखंड में कहीं भी तैनाती की जा सकती है. इस भर्ती के लिए FCI से असिस्टेंट ग्रेड-I या उससे ऊपर के पद से रिटायर अधिकारी आवेदन कर सकते हैं.

उम्मीदवार को अनाज प्रबंधन, डिपो संचालन, स्टॉक और अनाज के परिवहन का कम से कम 10 से 15 साल का अनुभव होना चाहिए. आवेदक की उम्र 65 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए. साथ ही उम्मीदवार का शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी है.

उम्मीदवार फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और जरूरत के अनुसार यात्रा करने में भी सक्षम होना चाहिए. आवेदन के साथ मेडिकल अधिकारी से जारी फिटनेस प्रमाण पत्र देना होगा.

धुर्वा डैम :   विधानसभा कर्मी ने लगाई छलांग, पुलिस तलाश में जुटी
मेरी क्या गलती 11 :  पिता कैंसर पेशेंट, बहनों की शादी का बोझ, नौकरी भी छूटी

झारखंड के उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता

अगर 6 से ज्यादा आवेदन आते हैं तो झारखंड के मूल निवासियों को प्राथमिकता दी जा सकती है. इसके अलावा झारखंड या पुराने बिहार क्षेत्र में काम करने वाले और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में फील्ड पोस्टिंग का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी वरीयता मिलेगी.

कितना मिलेगा मानदेय

चयनित उम्मीदवारों को अंतिम मूल वेतन में से मूल पेंशन की राशि घटाकर तय मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा नियम के अनुसार DA, HRA और परिवहन भत्ता भी मिलेगा.

3 साल की होगी शुरुआती नियुक्ति

यह नौकरी पूरी तरह संविदा पर होगी. शुरुआत में नियुक्ति 3 साल के लिए होगी या उम्मीदवार के 65 साल की उम्र पूरी होने तक रहेगी. दोनों में जो पहले होगा, उसी के आधार पर नियुक्ति समाप्त होगी. काम संतोषजनक रहने और जरूरत होने पर कार्यकाल को 1-1 साल करके अधिकतम 2 साल तक बढ़ाया जा सकता है.

क्या करना होगा काम

डिप्टी मैनेजर (ऑपरेशंस) को FCI के डिपो, गोदाम और राइस मिलों से अनाज उठाव की निगरानी करनी होगी. इसके अलावा डिपो अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय करना, अनाज के परिवहन की जांच करना और किसी तरह की कमी या देरी की जानकारी देना भी काम का हिस्सा होगा.

10 सितंबर तक भेजना होगा आवेदन

आवेदन के साथ CV, अनुभव प्रमाण पत्र, पोस्टिंग की जानकारी, फिटनेस प्रमाण पत्र और PPO की स्वहस्ताक्षरित (SELF ATTESTED) कॉपी देनी होगी. जरूरत के अनुसार, जाति और दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा.

भर्ती की पूरी जानकारी झारखंड सरकार के खाद्य विभाग की वेबसाइट https://www.jharkhand.gov.in/food के Recruitments सेक्शन में उपलब्ध है. भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए 9693233397 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें