महाराष्ट्र में खाद्य तेल में बड़ा खेल! FDA ने 1.19 लाख किलो ऑयल किया जब्त, 5 फर्मों पर लटका ताला

महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 7 से 9 अगस्त के बीच राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाकर मिलावटी, घटिया और नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान दूध और दुग्ध उत्पादों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों का भारी मात्रा में स्टॉक जब्त किया गया.

FDA के मुताबिक, अभियान के दौरान कुल 14,378 किलो/लीटर दूध और दुग्ध उत्पाद, जिसकी कीमत करीब 13.26 लाख रुपये है, जब्त किया गया. वहीं प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा की बिक्री, वितरण और परिवहन के मामलों में 8 FIR दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इन मामलों में करीब 63,206 रुपये का प्रतिबंधित स्टॉक जब्त किया गया.

इसके अलावा अन्य खाद्य पदार्थों का करीब 28.80 लाख रुपये मूल्य का 18,455.54 किलो स्टॉक जब्त किया गया. अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों समेत कुल 90 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 8 को सुधार नोटिस जारी किए गए और एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया.

बीड में खाद्य तेल पर कार्रवाई

बीड जिले में FDA ने 6 और 7 अगस्त को खाद्य तेल के उत्पादन और री-पैकिंग करने वाली पांच इकाइयों पर कार्रवाई की. यहां से कुल 1,19,187.5 किलो खाद्य तेल, जिसकी कीमत करीब 1.94 करोड़ रुपये है, जब्त किया गया. पांचों प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उन्हें बंद करा दिया गया. कुल 27 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

FDA की जांच में बीड की कुछ इकाइयों में पुराने इस्तेमाल किए गए टिन में तेल भरने, लेबलिंग में गड़बड़ी, अस्वच्छता और जरूरी रिकॉर्ड नहीं रखने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. स्वागत ऑयल इंडस्ट्रीज से अकेले 66,652.6 किलो खाद्य तेल, जिसकी कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये है, जब्त किया गया.

Blink Commerce का फूड लाइसेंस निलंबित

मुंबई के मलाड पश्चिम स्थित Blink Commerce Private Limited के परिसर में FDA को बेहद गंदगी, बड़ी संख्या में कॉकरोच, खाद्य पदार्थों की गलत तरीके से स्टोरेज, जंग लगी रैक और फर्श पर रखे खाद्य पदार्थ, अपर्याप्त कोल्ड स्टोरेज सफाई और एक्सपायर्ड तथा छेड़छाड़ किए गए पैकेज मिले.

जांच में कीट और चूहों से बचाव की प्रभावी व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, कर्मचारियों की मेडिकल जांच और व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़े रिकॉर्ड भी नहीं मिले. इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया. लाइसेंस निलंबन के दौरान वहां से खाद्य पदार्थों की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गई है.

काजू कतली का स्टॉक जब्त

बुलढाणा के ARD Cinemall स्थित रिलायंस रिटेल में लक्ष्मी नारायण ब्रांड की काजू कतली में फफूंदी और जिंदा कीड़े मिलने की शिकायत के बाद FDA ने जांच की. शिकायत में बताए गए बैच का स्टॉक नहीं मिला, लेकिन उसी उत्पाद के दूसरे बैच के 54 बॉक्स यानी 11.340 किलो काजू कतली, जिसकी कीमत 10,238 रुपये थी, जब्त कर नमूना जांच के लिए भेजा गया है.

जलगांव में 87,320 लीटर पैकेज्ड पानी जब्त

जलगांव की अनिता इंडस्ट्रीज में FDA की कार्रवाई के दौरान Oxyca ब्रांड का 87,320 लीटर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर मिला. इसकी कीमत करीब 8.73 लाख रुपये बताई गई है. पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया.

नागपुर के अजित डिलाइट प्राइवेट लिमिटेड में जांच के दौरान Rusk के लेबल पर Artificial Sweetener INS 9.1 के इस्तेमाल का उल्लेख मिला, लेकिन जरूरी चेतावनी और घोषणा नहीं की गई थी. FDA ने करीब 9,827 किलो Rusk, जिसकी कीमत 14.13 लाख रुपये है, जब्त किया.

कोल्हापुर में गुड़ निर्माण केंद्र पर कार्रवाई

कोल्हापुर के वरद जैगरी में FDA को गुड़ बनाने की प्रक्रिया में अस्वच्छता और मिलावट की आशंका मिली. मौके से 450 किलो गुड़ और 500 किलो व्हाइट क्रिस्टल शुगर यानी कुल 950 किलो स्टॉक, जिसकी कीमत 42,750 रुपये है, जब्त किया गया.

चीज एनालॉग का स्टॉक जब्त

Safe Food, Safe Maharashtra अभियान के तहत नागपुर की चंद्रा डेयरी और शिवम डेयरी फूड प्रोडक्ट्स पर कार्रवाई की गई. दोनों प्रतिष्ठानों से दही और चीज एनालॉग के नमूने जांच के लिए लिए गए और बड़ी मात्रा में स्टॉक जब्त किया गया. FDA के अनुसार महाराष्ट्र में चीज एनालॉग के उत्पादन, भंडारण, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध के चलते कुल 13,866 किलो स्टॉक, जिसकी कीमत करीब 12.16 लाख रुपये है, नष्ट किया गया.

पालघर-ठाणे में पनीर पर कार्रवाई

पालघर, ठाणे और नवी मुंबई क्षेत्र में भी FDA ने कार्रवाई की. उल्हासनगर से दो प्रतिष्ठानों से कुल 163 किलो लो-फैट पनीर, जबकि वसई पूर्व स्थित एक डेयरी से मानकों के अनुरूप नहीं होने के संदेह में 153 किलो पनीर जब्त किया गया. जांच में अस्वच्छता और निर्धारित तापमान पर स्टोरेज नहीं करने जैसी खामियां सामने आईं.

नांदगांव में असुरक्षित दूध जब्त

नांदगांव में एक प्रतिष्ठान की जांच के दौरान गाय का दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला. असुरक्षित होने के संदेह में 196 किलो/लीटर दूध, जिसकी कीमत 7,840 रुपये है, जब्त किया गया. FDA के आंकड़ों के मुताबिक 7 से 9 अगस्त के बीच प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 10 प्रतिष्ठानों की जांच की गई. सभी 10 प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित पदार्थ मिले. कुल 63,206.50 रुपये का स्टॉक जब्त, 8 FIR दर्ज और 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. 7 प्रतिष्ठानों को सील किया गया.

FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा कानूनों के पालन को लेकर प्रशासन की सख्त नीति है. जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावट या प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री, भंडारण अथवा उत्पादन पाए जाने पर आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button