झारखंड में छात्रों पर FIR का मुद्दा गरमाया... 8 सितंबर से DC-SP ऑफिस घेरने उतरेगी BJP

झारखंड में छात्रों पर FIR का मुद्दा गरमाया... 8 सितंबर से DC-SP ऑफिस घेरने उतरेगी BJP

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू.

झारखंड छात्र आंदोलन में छात्रों पर एफआईआर मामले को लेकर बीजेपी ने बड़ा ऐलान किया है. बीजेपी का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर वो पूरे झारखंड में 8 सिंतबर से आंदोलन करेगी, जो कि लगातार 4 दिनों तक चलेगा. इस दौरान सभी जिला मुख्यालयों में DC-SP कार्यालय का घेराव करेगी. ये ऐलान रांची में बीजेपी झारखंड अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया है.

आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में गठित भ्रष्टाचार और अनियमितता को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज दबाई गई. इसके लिए सरकार ने करीब एक हजार छात्रों पर FIR दर्ज की. उनके घरों और कोचिंग संस्थानों तक पुलिस भेजकर डराने का काम किया गया.

अब छात्रों के साथ और अन्याय नहीं: बीजेपी

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हेमंत सरकार को छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. मगर, समय सीमा खत्म होने के बाद अब पार्टी ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है. बीजेपी अब छात्रों के साथ और अन्याय नहीं होने देगी. 8 सिंतबर से राज्य के अलग-अलग जिलों में DC और SP कार्यालयों का घेराव करेगी और छात्रों के साथ खड़ी रहेगी.

उन्होंने कहा कि झारखंड के अलग राज्य बनने के बाद पहली बार छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार देखने को मिल रहा है. छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है. दिल्ली में हुए छात्र आंदोलनों और झारखंड के छात्रों के आंदोलन में काफी अंतर रहा है. झारखंड के छात्रों ने मर्यादा में रहकर अपनी बात सरकार के सामने रखी, बावजूद इसके उनके खिलाफ कार्रवाई हुई.

‘महागठबंधन के नेताओं ने छात्रों को धमकाया’

साहू ने कहा कि सरकार चलाने का मतलब यह नहीं है कि आने वाली युवा पीढ़ी को भय के माहौल में रखा जाए. आरोप लगाया कि छात्रों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का व्यवहार भी सवाल खड़े करता है. यह झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता पैदा करता है. बीजेपी ने बीते दिनों झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की थी. इसके अगले ही दिन महागठबंधन के नेताओं ने मुख्य सचिव से मुलाकात की और मीडिया के सामने छात्रों को धमकाने का काम किया.

आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में कोयला, बालू और पत्थर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. अपराधियों पर लगाम लगाने में सरकार विफल है लेकिन छात्रों के पीछे पुलिस और प्रशासन को लगाया जा रहा है. उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस का डर कुछ समय तक ही कायम रह सकता है. सरकार को पुलिस का दुरुपयोग बंद करना चाहिए क्योंकि छात्रों के साथ उनके परिजन भी सड़कों पर उतर गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.

भाजपा के घोषित कार्यक्रम के अनुसार

  • 8 सितंबर को रांची, गिरिडीह दुमका ,गढ़वा ,हजारीबाग और जमशेदपुर इन 6 जिलों में प्रदर्शन
  • 9 सितंबर को कोडरमा, पलामू, सिमडेगा, साहेबगंज और चाईबासा में भाजपा कार्यकर्ता DC-SP कार्यालयों का घेराव
  • 10 सितंबर को धनबाद, गुमला, सरायकेला, पाकुड़, लातेहार और चतरा समेत अन्य जिलों में प्रदर्शन
  • 11 सिंतबर को रामगढ़ ,देवघर, लोहरदगा, खूंटी ,गोड्डा और जामताड़ा इन जिलों में होगा सड़कों पर उतरकर डीसी एसपी कार्यालय का घेराव

बीजेपी का कहना है कि इसके बाद भी अगर नहीं सरकार नहीं जागी और छात्रों पर दर्ज एफआआईर वापस नहीं लेती है, रद्द नहीं करती है तो फिर आंदोलन ऐसा होगा कि सरकार को घुटनों पर आना होगा.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button