Flood Alert: कोसी, कमला और बागमती खतरे के निशान के पार, बिहार के कई जिलों पर मंडराया बाढ़ का संकट - Haribhoomi

बिहार में कोसी, कमला बलान और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जल संसाधन विभाग ने जारी किया अलर्ट। जानिए आपके क्षेत्र में बाढ़ की क्या है स्थिति।

Bihar Flood alert

बिहार में कोसी, कमला बलान और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। (Ai Image)

  • Published: 20 Jul 2026, 02:37 PM IST
  • Last Updated: 20 Jul 2026, 02:37 PM IST

Bihar Flood alert: उत्तर बिहार और नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने बिहार में एक बार फिर बाढ़ का संकट खड़ा कर दिया है। राज्य की प्रमुख नदियां- कोसी, बागमती, गंडक और कमला बलान खतरे के निशान (Danger Mark) को पार कर चुकी हैं, जिससे तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। जल संसाधन विभाग और केंद्रीय जल आयोग स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

कोसी का जलस्तर बढ़ा, बराज पर बढ़ा दबाव
कोसी नदी का जलस्तर इस साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। विभाग के अनुसार, कोसी के बराहक्षेत्र में जलस्तर 1.52 लाख क्यूसेक और वीरपुर बराज में 1.86 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया है।

हालांकि यह पिछले वर्षों के अधिकतम रिकॉर्ड (1968) से काफी कम है, लेकिन जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है।

फिलहाल, कोसी के बलतारा में जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर है, जबकि कुरसेला में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

बागमती और कमला बलान का रौद्र रूप
बाढ़ का सबसे अधिक असर उत्तर बिहार की नदियों में देखने को मिल रहा है। मुजफ्फरपुर के बनीबाद में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 68 सेंटीमीटर ऊपर है। वहीं, मधुबनी के झंझारपुर में कमला बलान नदी का पानी खतरे के निशान को 80 सेंटीमीटर पीछे छोड़ चुका है।

गंडक नदी की स्थिति भी चिंताजनक है, जहां गोपालगंज के डुमरियाघाट में जलस्तर खतरे के निशान से 56 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है।

गंगा नदी के जलस्तर में भी दर्ज की गई वृद्धि
सिर्फ छोटी नदियां ही नहीं, बल्कि गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रविवार की रिपोर्ट के अनुसार, मुंगेर में 24 सेमी, भागलपुर में 30 सेमी और कहलगांव में 16 सेमी की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, ये सभी स्थान अभी भी खतरे के निशान से नीचे हैं।

इस्माईलपुर–बिंद टोली स्थित स्पर-07 पर गंगा का जलस्तर 28.46 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें पिछले 24 घंटे में 23 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद अभी स्थिति तटबंध के भीतर सुरक्षित है।

इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई है। शीतलपुर में 108.2 मिमी, मांझी में 97 मिमी, दानापुर में 95.9 मिमी, हाथीदह में 80.6 मिमी, अररिया में 78.4 मिमी, लालगंज में 73.2 मिमी और हाजीपुर में 73 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के चलते ही नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।