फैक्ट्री में गंदगी का अंबार... मरे चूहे-कॉकरोच मिले, FSSAI ने Ganesh Products का लाइसेंस किया सस्पेंड

FSSAI ने Ganesh Products पर बड़ा एक्शन लिया है.खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करने पर फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.कंपनी के फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां मिलीं.प्रोसेसिंग और स्टोरेज एरिया में गंदगी, मिट्टी, फंगस/शैवाल के निशान, कॉकरोच, चूहे, मक्खियां और मकड़ी के जाले पाए गए. इतना ही नहींतैयार खाद्य उत्पाद रखने की जगह भी पर्याप्त नहीं थी.

FSSAI ने अपनी जांच में पाया किसामान को दीवारों के बहुत करीब रखा गया था और वेंटिलेशन की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी.ज्यादातर प्रोडक्शन कंटेनरों में जंग लगी हुई थी और उन पर गंदगी जमा थी.एक्सपायर्ड और बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थ तैयार उत्पादों के साथ रखे गए थे.वेस्ट, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किए गए उत्पाद और स्क्रैप भी फूड हैंडलिंग एरिया में जमा मिले.

मरे चूहे, कॉकरोच और मक्खियां भी मिलीं

इतना ही नहीं तैयार उत्पाद और पैकेजिंग सामग्री वाले स्टोरेज एरिया में कीड़ों और चूहों का भारी प्रकोप मिला.निरीक्षण के दौरान मरे हुए चूहे, कॉकरोच और मक्खियां भी मिलीं.कीट नियंत्रण के लिए जरूरी उपकरण भी सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे.पिछले एक साल या उत्पाद की शेल्फ लाइफ के लिए जरूरी कंट्रोल सैंपल की टेस्टिंग के रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे.

फैक्ट्री की दीवारों पर पेंट उखड़ा हुआ था. नमी, टूटी फर्श की टाइलें और क्षतिग्रस्त कोने भी मिले. मॉक रिकॉल, ज्वेलरी पॉलिसी, हाथ धोने की उचित सुविधा, उपभोक्ता शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और इंटरनल/एक्सटर्नल ऑडिट के रिकॉर्ड भी नहीं रखे गए थे. उधर,FSSAI ने हरियाणा में पनीर बनाने वाली कई यूनिट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की है.

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आईं.तीन पनीर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स चलती हुई मिलीं लेकिन वहां कोई FBO/मालिक/मैनेजर या अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद नहीं था.इन यूनिट्स पर FSSAI का रजिस्ट्रेशन/लाइसेंस सर्टिफिकेट या साइन बोर्ड भी प्रदर्शित नहीं किया गया था.

करीब 7,600 किलो पनीर बेहद गंदे और अस्वच्छ हालात में रखा मिला.पनीर गंदे कंटेनरों और अस्वच्छ प्लेटफॉर्म पर रखा गया था.प्रशासन ने मौके पर ही करीब 7,600 किलो पनीर नष्ट कर दिया, ताकि यह दोबारा खाद्य श्रृंखला में न पहुंच सके.यूनिट्स में मिल्क पाउडर, फैब्रिक व्हाइटनर, इंडस्ट्रियल ग्रेड ब्लीचिंग एजेंट, रिफाइंड पाम ऑयल, सोयाबीन और पनीर को सफेद करने वाले पाउडर भी पाए गए.

चार यूनिट्स से चार पनीर के सैंपल लिए गए

एक अन्य पनीर यूनिट का गांव नई में निरीक्षण किया गया.कुल चार यूनिट्स से चार पनीर के सैंपल लिए गए.सैंपल को सील और लेबल करके लैबोरेटरी जांच के लिए भेजा जाएगा.साथ ही इन यूनिट्स के लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन और दूसरे नियमों के पालन की भी जांच की जाएगी. लैब रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

कुमार कुन्दन

कुमार कुन्दन

साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.

Read More

google button