बहुत ज्यादा बीयर पीना या... GDP के मुद्दे पर किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर पलटवार
Sep 02, 2026 06:09 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। जीडीपी के मुद्दे पर कांग्रेस की तरफ से बीयर वाला तंज आने के बाद रिजिजू ने उसी भाषा में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ज्यादा बीयर पीने की वजह से नशे में हैं।
कांग्रेस के बीयर वाले तंज पर किरेन रिजिजू का पलटवार
Kiren Rijiju hits back at Congress: केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जीडीपी के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया है। कांग्रेस द्वारा जीडीपी के आंकड़ों पर बीयर का संदर्भ देकर उड़ाए गए मजाक का केंद्रीय मंत्री ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के बीयर वाले तंज पर ही पलटवार किया। उन्होंने कहा कि या तो कांग्रेस पार्टी बीयर की वजह से नशे में है या फिर नफरत की वजह से जमीनी हकीकत से ही कट गई है।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर केरल कांग्रेस के हैंडल की एक पोस्ट पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने पूरी पार्टी को ही निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "क्या कांग्रेस पार्टी बहुत ज्यादा बीयर पीने की वजह से गहरे नशे में हैं? या फिर वह भारत की तरक्की से इतनी नफरत करते हैं कि वह जमीनी हकीकत से पूरी तरह से कट गए हैं?"
जीडीपी के आंकड़े पर कांग्रेस का बीयर वाला निशाना
जीडीपी वृद्धि को लेकर 7.8 के आंकड़े सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी लगातार तंज कर रही है। इसी क्रम में केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल ने एक बीयर मग की तस्वीर शेयर की। इसमें झाग वाली जगह पर 'ऑफिशियल जीडीपी' को दिखाया गया था। वहीं नीचे वाले ड्रिंक के हिस्से पर 'इंडियन इकॉनमी' लिखा था। जल्दी ही यह ट्वीट वायरल हो गया। गोवा भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उसमें लिखा गया, "चुप रहो, यह जीडीपी है। तुम्हारा पुराना बीयर और बार का बिजनेस नहीं। हम यहां पर लोगों की सेवा करने के लिए हैं..."
कांग्रेस का जीडीपी के आंकड़ों पर हमला
सामने आए जीडीपी के आंकड़ों पर कांग्रेस पार्टी ने पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग की टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने गर्ग का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि पिछले साल तक कि जीडीपी में 6 ट्रिलियन तक का संसोधन करने की वजह से चालू वर्ष तिमाही में जीडीपी लगभग 10.3 प्रतिशत बढ़ गई है। गर्ग ने एक न्यूज चैनल से कहा, "अगर आपने पिछले साल की GDP में संशोधन नहीं किया होता, तो मौजूदा कीमतों पर विकास दर 2.6 प्रतिशत होती।"
जयराम रमेश बोले- जीडीपी पर जल्द सामने आएगी जमीनी हकीकत
वीडियो शेयर करते हुए रमेश ने एक्स पर लिखा कि मोदी सरकार अपनी टीम और मीडिया द्वारा आंकड़ों की बाजीगरी से बनाई गई अपनी मनगढ़ंत जीडीपी विकास दर का चाहे कितना भी ढिंढोरा पीटे। इसकी असलियत सामने आ ही जाएगी। क्योंकि वे जो दावा कर रहे हैं, वह जमीनी हकीकत के बिल्कुल उलट है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रमेश ने कहा, "पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने अब इस दावे की पोल खोल दी है। उनका आकलन है कि वास्तविक GDP विकास दर लगभग 2.6% है, न कि 7.8%। हम चाहते हैं कि अर्थव्यवस्था वास्तव में मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता झूठ की नींव पर गढ़े गए आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से नहीं बनता बल्कि यह सच को स्वीकार करने से बनता है।"
रमेश ने कहा कि सरकार को सबसे पहले वास्तविक आर्थिक स्थिति को स्वीकार करना चाहिए और फिर सुधार करने चाहिए। इसमें युवाओं के लिए नौकरियां पैदा की जानी चाहिए, MSME और निजी निवेश को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, मांग और आय बढ़नी चाहिए, आर्थिक असमानता कम होनी चाहिए और करीबी पूंजीपतियों को बढ़ावा देने के बजाय निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
भारत की जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि
गौरतलब है कि केंद्र सरकार बनाम कांग्रेस पार्टी का विवाद उस वक्त शुरू हो गया था, जब जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े सामने आए थे। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण आर्थिक मंदी की चिंताओं के बावजूद, अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था उम्मीद से ज्यादा तेजी दिखाते हुए 7.8% की दर से बढ़ी। केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर सरकार की नीतियों को सराहा, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने इसे केवल आंकड़ों का खेल करार दिया।