अब लखनऊ में 'Gen Alpha' का प्रदर्शन, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरे छात्र; जाम में फंसे योगी के मंत्री

जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया.
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को युवाओं के बाद अब स्कूली छात्रों का विरोध प्रदर्शन भी सड़क तक पहुंच गया. पारा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र शिक्षकों की कमी समेत स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर उतर आए. छात्रों ने बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने मार्ग घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी. देखते ही देखते व्यस्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायतें सामने रखीं. उनका आरोप था कि कई बार विद्यालय स्तर पर समस्याओं की जानकारी देने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं हुआ.
ये भी पढे़ं- स्कूलों की बदहाली पर Gen Alpha का हल्ला बोल, कहीं तालाबंदी तो कहीं पथराव; UP-उत्तराखंड से राजस्थान तक प्रदर्शन
छात्रों के प्रदर्शन से लगा लंबा जाम
स्कूल ड्रेस में बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से बुद्धेश्वर चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था बिगड़ गई. पारा पुलिस ने छात्रों को समझाने और सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे. इसके चलते व्यस्त मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही. इसी दौरान कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया. प्रदर्शन की जानकारी होने पर मंत्री खुद वाहन से उतरे और छात्रों के बीच पहुंचे. उन्होंने छात्रों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.

मंत्री ने छात्रों से किया संवाद
छात्रों ने मंत्री असीम अरुण के सामने विद्यालय में शिक्षकों की कमी को प्रमुख समस्या बताया. छात्रों ने कहा कि शिक्षक पर्याप्त नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है. इसके अलावा भोजन, साफ-सफाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतें भी मंत्री के सामने रखी गईं. मंत्री ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिया. इस दौरान समाज कल्याण विभाग के सचिव आईएएस अनुराग यादव ने भी छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
छात्रों के साथ स्कूल पहुंचे मंत्री
सिर्फ सड़क पर बातचीत करने के बजाय मंत्री असीम अरुण छात्रों के साथ विद्यालय भी पहुंचे. वहां उन्होंने छात्रों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. मंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की कमी समेत उनकी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. मंत्री के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया. इसके बाद सड़क से छात्र हटे और यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो गई.
चर्चा में आया Gen Alpha का प्रदर्शन
लखनऊ में स्कूली छात्रों के इस प्रदर्शन ने Gen Alpha को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है. जाम में फंसे लोगों के बीच यह चर्चा रही कि नई पीढ़ी के बच्चे अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर पहले की तुलना में ज्यादा मुखर नजर आ रहे हैं. स्कूल ड्रेस में छात्रों का सड़क पर उतरना, पोस्टर और नारेबाजी करना व अपनी समस्याओं को सीधे मंत्री के सामने रखना इसका उदाहरण बना.

पंकज चतुर्वेदी
पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई. दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़. पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.
Read More