कुंभराज धनिया को जल्द मिलेगा GI टैग, MP में 20% बढ़ेगा उद्यानिकी का रकबा; CM मोहन यादव ने बताया सरकार का प्लान

19 अगस्त 2026, भोपाल: कुंभराज धनिया को जल्द मिलेगा GI टैग, MP में 20% बढ़ेगा उद्यानिकी का रकबा; CM मोहन यादव ने बताया सरकार का प्लान – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में मध्य प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। किसानों को उद्यानिकी गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुना जिले के कुंभराज धनिया को जल्द ही जीआई टैग प्राप्त होगा। साथ ही, प्रदेश में उद्यानिकी का रकबा 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से गुना कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुना जिले की धनिया और गुलाब उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान है। ऐसे में किसानों को उद्यानिकी से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पशुपालन के क्षेत्र में भी किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। बदलते समय के अनुरूप पशु नस्ल सुधार जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि कार्यों को आसान बनाने में मदद मिली है।

युवाओं को कृषि और डेयरी से जोड़ने पर जोर

CM मोहन यादव ने कहा कि युवाओं को भी कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्नत गोपालन और डेयरी विकास से बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। उन्होंने किसानों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, विवाह और अन्य आयोजनों में अनावश्यक खर्च कम करने, कृषि भूमि नहीं बेचने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस धरती से अन्न प्राप्त होता है, उसके प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। चाचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ एक-एक व्यक्ति तक पहुंच रहा है। केंद्र और राज्य सरकार ऐसी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनसे लोगों का जीवन सरल हो रहा है।

कृषि प्रदर्शनी में दी गई उन्नत तकनीक की जानकारी

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से कृषि और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती और अन्य कृषि उपयोगी विषयों की जानकारी दी।

प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में कृषक परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ जैविक कृषि और उन्नत तकनीक से खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित होने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक दुबे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture