Gold Silver Price Fall: सोने-चांदी में आई बड़ी गिरावट, खरीदारी से पहले देख लें ताजा रेट

Gold Silver Price Fall:  ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में बढ़ती अस्थिरता का असर अब भारतीय सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है.  शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई.  जहां सोना प्रति 10 ग्राम करीब 2,000  रुपए सस्ता हो गया, वहीं चांदी की कीमत में 5,000 रुपए प्रति किलोग्राम तक की कमी देखने को मिली. 

कारोबारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण घरेलू बाजार में भी बिकवाली का दबाव बढ़ा. 

दिल्ली में सोने-चांदी के ताजा भाव

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव घटकर 1 लाख 47 हजार 200 प्रति 10 ग्राम पहुंच गया.  इससे पहले यह 1 लाख 49 हजार 200 रुपए  प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. यानी लगातार दूसरे कारोबारी दिन सोने में कमजोरी देखने को मिली. 

वहीं चांदी की कीमत भी गिरकर 2 लाख 24 हजार 700 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई. पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2 लाख 29 हजार 700 रुपए प्रति किलोग्राम था. 

क्यों आई कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है.  ऐसे माहौल में निवेशकों ने सोने और चांदी में मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा.  इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर खरीदारी कमजोर रहने से भी कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना रहा. 

अंतरराष्ट्रीय बाजार का मिला-जुला संकेत

दिलचस्प बात यह रही कि वैश्विक बाजार में हाजिर सोने में हल्की मजबूती देखने को मिली. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना लगभग 4,063 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि चांदी में भी करीब दो प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. 

इसके बावजूद भारतीय बाजार में गिरावट बनी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू बाजार में निवेशकों की रणनीति और स्थानीय मांग की कमजोरी ने वैश्विक तेजी का असर सीमित कर दिया. 

भूराजनीतिक तनाव भी बना बड़ी वजह

कमोडिटी विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक व्यापार को लेकर बढ़ती अनिश्चितता ने वित्तीय बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है. निवेशकों का रुझान लगातार बदल रहा है, जिससे सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं में भी तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.  विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां इसी तरह बनी रहीं तो आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है. 

लखनऊ और पटना में क्या रहे भाव?

दिल्ली की तुलना में लखनऊ में सोने की कीमत कुछ कम दर्ज की गई. यहां 24 कैरेट सोना 1 लाख 44 रुपए 480 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता रहा, जबकि चांदी का भाव 2 लाख 39 रुपए 900 प्रति किलोग्राम रहा. 

वहीं बिहार की राजधानी पटना में 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 43 हजार 240 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा.  चांदी की कीमत यहां करीब 2.45 लाख रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज की गई. 

खरीदारों के लिए क्या है संकेत?

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल निवेशकों को जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए रखनी चाहिए.  यदि बाजार में अस्थिरता जारी रहती है तो सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.  वहीं, लंबे समय के निवेशकों के लिए गिरते भाव खरीदारी का अवसर भी साबित हो सकते हैं. 

डिस्क्लेमर:यह खबर केवल जानकारी देने के उद्देश्य से प्रकाशित की गई है. सोना-चांदी या किसी भी प्रकार के निवेश से जुड़ा फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें. बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन होता है और कीमतों में उतार-चढ़ाव होता रहता है. इस लेख में दी गई जानकारी के आधार पर किए गए किसी भी निवेश के लिए News Nation या लेखक जिम्मेदार नहीं होंगे. निवेश करने से पहले अपने स्तर पर पूरी जांच-पड़ताल करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें - FDI वाली ई-कॉमर्स कंपनियों को निर्यात की बड़ी राहत, घरेलू ऑनलाइन रिटेल के नियमों में कोई बदलाव नहीं