Google Chrome Alert! गूगल ने 12 सिक्योरिटी खामियां कीं फिक्स, हैकर्स उठा रहे थे फायदा

गूगल ने क्रोम ब्राउजर के लिए नया सिक्योरिटी अपडेट जारी किया है, जिसमें कुल 12 खामियों को ठीक किया गया है. इनमें एक हाई-सीवियरिटी जीरो-डे खामी ऐसी है, जिसका वास्तविक साइबर हमलों में इस्तेमाल किया जा रहा है. यह खामी क्रोम के वी8 जावास्क्रिप्ट इंजन से जुड़ी है और इसका फायदा उठाकर रिमोट अटैकर तैयार किए गए एचटीएमएल पेज के जरिए मनमाना कोड चला सकता है. गूगल ने विंडोज, मैक और लिनक्स के लिए नया क्रोम वर्जन जारी किया है.

एक जीरो-डे का हो रहा इस्तेमाल

नए अपडेट में फिक्स की गई 12 खामियों में सीवीई-2026-85046 सबसे अहम है. यह वी8 में टाइप कन्फ्यूजन से जुड़ी हाई-सीवियरिटी खामी है, जिसे सिक्योरिटी रिसर्चर साल्वाटोर गुलिजिया ने खोजा था. गूगल के मुताबिक, इस खामी का वास्तविक हमलों में सक्रिय रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके लिए रिसर्चर को 1,000 डॉलर का इनाम दिया गया. गूगल ने हमलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की है, ताकि ज्यादातर ब्राउजर सुरक्षित होने तक इसका गलत इस्तेमाल न हो सके.

तैयार एचटीएमएल पेज से हो सकता है हमला

नेशनल वल्नरेबिलिटी डेटाबेस के मुताबिक, सीवीई-2026-85046 वी8 में टाइप कन्फ्यूजन की समस्या है. इसका फायदा उठाकर रिमोट अटैकर एक तैयार किए गए एचटीएमएल पेज के जरिए सैंडबॉक्स के अंदर मनमाना कोड चला सकता है. वी8 क्रोम का जावास्क्रिप्ट इंजन है, जो वेब ऐप और इंटरैक्टिव वेबसाइट्स को ब्राउजर में चलाने में मदद करता है. गूगल के इस अपडेट में ज्यादातर खामियों को हाई सीवियरिटी कैटेगरी में रखा गया है.

क्रोम ही नहीं, दूसरे ब्राउजर भी करें अपडेट

गूगल के मुताबिक, यह 2026 में क्रोम के लिए फिक्स किया गया छठा जीरो-डे है. यह समस्या क्रोमियम पर आधारित दूसरे ब्राउजर को भी प्रभावित करती है. ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट एज, ब्रेव, ओपेरा और विवाल्डी इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी अपने ब्राउजर का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है. क्रोम में अपडेट चेक करने के लिए ऊपर दाईं ओर दिए तीन डॉट पर क्लिक करके हेल्प और फिर अबाउट गूगल क्रोम में जाना होगा. यहां ब्राउजर का मौजूदा वर्जन नंबर दिखाई देगा.

ये भी पढे़ं: एक्टिव मैट्रिक्स क्यूब फीचर के साथ लॉन्च हुआ Infinix का नया फोन, 22,999 रुपये है कीमत

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button