Govinda की बिगड़ी तबीयत? पहुंचे अस्पताल, क्या हुआ एक्टर के साथ? तलाक केस वापस लेने के बाद क्यों हुए परेशान?

Time Published: Sunday, August 23, 2026, 6:05 [IST]

Govinda: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को हाल ही में मुंबई के एक अस्पताल से बाहर निकलते हुए स्पॉट किया गया। उनका ये वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच सुनीता के उस दावे ने भी काफी सुर्खियां बटोरीं, जिसमें उन्होंने कहा था कि गोविंदा एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार से दूसरी शादी करने की तैयारी में हैं। हालांकि अब गोविंदा की टीम ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।

अस्पताल से बाहर निकलते दिखे गोविंदा
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गोविंदा अस्पताल से बाहर आते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सफेद शर्ट और नीली जींस पहनी हुई थी और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। पैपराजी ने जब उनसे उनकी तबीयत के बारे में पूछा तो एक्टर ने सिर्फ इतना कहा- ठीक हूं। हालांकि उन्होंने मुंह से मास्क तक नहीं खोला। इसके बाद उन्होंने कैमरे की ओर हाथ हिलाया और बिना ज्यादा बातचीत किए अपनी कार में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

Govinda

सुनीता आहूजा के बयान से मची हलचल

गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच सुनीता ने गोविंदा की कथित दूसरी शादी को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि गोविंदा और एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार कथित तौर पर शादी करने की योजना बना रहे थे। सुनीता के मुताबिक इसी वजह से उन्होंने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की याचिका वापस लेने का फैसला किया।

राखी सावंत से बातचीत में किया दावा

राखी सावंत के साथ फोन पर बातचीत के दौरान सुनीता ने अपने फैसले की वजह बताई। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने तलाक का केस इसलिए वापस लिया क्योंकि गोविंदा और कोमल शादी करने की तैयारी में थे। सुनीता के इस बयान के बाद गोविंदा की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई।

गोविंदा के मैनेजर ने किया शादी की खबर से इनकार

हालांकि गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने सुनीता के इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की बातों की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि गोविंदा की दूसरी शादी की कोई योजना नहीं है। मैनेजर ने कहा कि गोविंदा और सुनीता पति-पत्नी हैं और दूसरी शादी को लेकर चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने सुनीता के बयान पर हैरानी भी जताई और कहा कि ऐसा कुछ न तो अभी हो रहा है और न ही भविष्य में होने वाला है।

बयानबाजी के बीच फिर चर्चा में आया रिश्ता

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर सामने आ रहे अलग-अलग बयानों ने उनके रिश्ते को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। जहां सुनीता की ओर से लगातार निजी रिश्ते से जुड़े दावे सामने आ रहे हैं, वहीं गोविंदा की टीम इन खबरों पर सफाई दे रही है। फिलहाल गोविंदा के अस्पताल से बाहर आने का वीडियो सामने आने के बाद एक्टर की तबीयत और उनकी निजी जिंदगी दोनों चर्चा का विषय बने हुए हैं।