झांसी GRP ने पति-पत्नियों का चोर गिरोह पकड़ा: गुजरात से झांसी आकर वारदात को अंजाम देते, फैमिली की तरह ट्रेनों में सफर करते - Jhansi News

झांसी रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों कीमती सामान चोरी करने वाले पति-पत्नी गिरोह के सात सदस्यों को जीआरपी ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। इनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं, जो पति-पत्नी हैं।

.

आरोपी इतने शातिर हैं कि ट्रेन में फैमिली की तरह सफर करते हैं, जिससे उन पर किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर के अलावा नगद रुपए भी बरमद किए हैं। गैंग गुजरात से आकर यहां घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

पहले 2 तस्वीर देखिए…

जीआरपी लॉक-आप में गिरफ्तार किए गए चोरी के आरोपी।

जीआरपी लॉक-आप में गिरफ्तार किए गए चोरी के आरोपी।

गुजरात से पूरी फैमिली आकर करती है चोरी।

गुजरात से पूरी फैमिली आकर करती है चोरी।

एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सातों आरोपियों को झांसी रेलवे स्टेशन यार्ड में माल गोदाम की तरफ बने ग्रुप डी गेस्ट हाउस के पीछे पटरी के पास से पकड़ा है। पुलिस को इनके बारे में जानकारी मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी की और सभी को पकड़ लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने झांसी के अलावा दूसरे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कितनी वारदातें की हैं।

सो रहे यात्रियों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का तरीका यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाना था। प्लेटफॉर्म या चलती ट्रेन में जैसे ही कोई यात्री सोता था, आरोपी आसपास मौजूद रहकर उसके सामान पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही मोबाइल, पर्स, नकदी और दूसरे कीमती सामान चोरी कर लेते थे। गिरोह में महिलाएं भी शामिल थीं, जिससे भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के बीच घुलना-मिलना आसान हो जाता था।

गुजरात के रहने वाले हैं सभी आरोपी गिरफ्तार किए गए सभी सात आरोपी गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें कृष्णा अमर भाई (20), अमर भाई (45), मनोज भाई (45), सोलंकी अमित दिलीप भाई (34), संगीता (42), ज्योति (42) और ऊषा (32) शामिल हैं।

दो मामलों में कार्रवाई जीआरपी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना जीआरपी झांसी में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य थानों में इस गैंग के खिलाफ कितने मामले दर्ज हैं। इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जेवर और नकदी बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, एक मंगलसूत्र और एक जोधा अंगूठी बरामद की है। इसके अलावा 5 हजार रुपए नकद भी मिले हैं। पुलिस बरामद जेवरों को दर्ज मामलों से जोड़कर देख रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये सामान किन यात्रियों का है।

दूसरे मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

जीआरपी के मुताबिक, आरोपियों का आपराधिक इतिहास अभी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि गुजरात से आने वाला यह गिरोह झांसी रेलवे स्टेशन पर ही सक्रिय था या दूसरे शहरों के रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जीआरपी की टीम ने की गिरफ्तारी

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक लल्लू राम के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक अखिलेश राय, महिला उपनिरीक्षक स्वाती शुक्ला, कांस्टेबल आशू, नरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल ममता दिवाकर और प्रियंका शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।