Gumla News : संत अर्नोल्ड स्कूल तुरबुंगा ने जीता फादर जे बकार्ट बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब
Gumla News : जय किसान 10+2 हाई स्कूल मांझाटोली में रविवार को 15वीं फादर जे बकार्ट बालिका आवासीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया. फाइनल में संत अर्नोल्ड हाई स्कूल तुरबुंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संत मरिया हाई स्कूल दलमदी को 3-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया.
इसे भी पढ़ें...


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है प्रतिभाओं को मंच, अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की. ऐसी प्रतियोगिताएं बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हार से डरना नहीं चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर और मजबूत बनना चाहिए. अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आज का छोटा मैदान खिलाड़ियों को कल राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकता है.
विशिष्ट अतिथि मिशिर कुजूर ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी है. खेल से शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य प्राप्त करने की भावना विकसित होती है. बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता छात्राओं को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती है. प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लिया.
फाइनल मुकाबले से पूर्व अतिथियों का पारंपरिक नृत्य, गीत और ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत किया गया. अतिथियों ने फादर जेबकार्ट की प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने अपने निजी मद से स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. इसके बाद विजेता और उपविजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं खस्सी देकर पुरस्कृत किया.
मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य फादर सिप्रियन कुजूर, फादर विजय तिग्गा, दीपांकर साहू, मिशिर कुजूर, नरेश उरांव, प्रेमचंद बाड़ा, अजय बेक, सुशमा लकड़ा, रामू तिर्की, ज्योति केरकेट्टा, सीमा बाखला, सुचिता इंदवार, रामनाथ साहू, सलोमी डांग, अंशुमाला मिंज, अनिमा टोप्पो, रजनी लकड़ा, अंजली केरकेट्टा समेत अन्य लोग मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.