HAL और सैफ्रान की बड़ी डील, LEAP इंजन के लिए स्वदेशी उत्पादन शुरू
22 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के फर्नबोरो इंटरनेशनल एयरशो में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और फ्रांस की कंपनी सैफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन्स के बीच एक महत्वपूर्ण डील हुई है. इस लंबी अवधि के समझौते के तहत HAL, CFM LEAP इंजन प्रोग्राम के लिए सुपरअलॉय टरबाइन रिंग फोर्जिंग्स का उत्पादन और सप्लाई करेगा.
यह सौदा भारतीय रक्षा और नागरिक एयरोस्पेस क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. इससे HAL की वैश्विक सप्लाई चेन में भूमिका बढ़ेगी और भारत एयरो इंजन कंपोनेंट्स के निर्माण में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
HAL बेंगलुरु स्थित अपने फाउंड्री एंड फोर्ज डिवीजन की आधुनिक रिंग रोलिंग सुविधा में Near-Net Shape Ring Forgings बनाएगा. ये सुपरअलॉय रिंग फोर्जिंग्स हाई टेम्परेचर वाले हिस्सों में इस्तेमाल होती हैं, जहां इंजन का घूमने वाला हिस्सा काम करता है.
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें: INS मालवन भारतीय नौसेना में शामिल, दुश्मन पनडुब्बियों की खैर नहीं
ये कंपोनेंट्स एयरो-इंजन की परफॉर्मेंस और विश्वसनीयता के लिए बेहद जरूरी हैं. CFM LEAP इंजन बोइंग और एयरबस के आधुनिक विमानों में लगा है, इसलिए इस अनुबंध का व्यावसायिक महत्व भी बहुत ज्यादा है.
समझौते पर HAL के फाउंड्री एंड फोर्ज डिवीजन के जनरल मैनेजर प्रवीण बी और सैफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट डोमिनिक डुपी ने हस्ताक्षर किए. इस मौके पर HAL के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर रवि के और बेंगलुरु कॉम्प्लेक्स के सीईओ जयकृष्णन एस भी मौजूद थे.

HAL चेयरमैन का बयान
HAL के चेयरमैन रवि के ने कहा कि HAL और सैफ्रान के बीच लंबे समय से विश्वसनीय साझेदारी चली आ रही है. यह नया अनुबंध वैश्विक एयरोस्पेस कंपनियों के HAL की तकनीकी क्षमता और विनिर्माण उत्कृष्टता पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.
LEAP इंजन प्रोग्राम में योगदान देकर HAL अंतरराष्ट्रीय नागरिक एयरोस्पेस बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि यह साझेदारी न सिर्फ व्यापारिक अवसर है बल्कि भारत में उन्नत विनिर्माण तकनीकों को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
यह भी पढ़ें: PoK में कितनी पाकिस्तानी सेना मौजूद है, क्या मुनीर बंदूकों की जोर से लोगों का गुस्सा रोक पाएंगे
सैफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट डोमिनिक डुपी ने कहा कि HAL के साथ साझेदारी जारी रखने पर उन्हें बेहद खुशी है. यह सहयोग उनकी रणनीति से पूरी तरह मेल खाता है. बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए LEAP इंजन उत्पादन बढ़ाते समय वे स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूत करना चाहते हैं.
LEAP इंजन प्रोग्राम का महत्व
CFM LEAP इंजन दुनिया के सबसे आधुनिक और ईंधन कुशल इंजनों में से एक है. बोइंग 737 MAX और एयरबस A320neo परिवार के विमानों में इसका इस्तेमाल होता है. इस इंजन की मांग तेजी से बढ़ रही है. यह सौदा दिखाता है कि भारतीय कंपनियां अब जटिल एयरोस्पेस उत्पादों को विश्व स्तर की गुणवत्ता के साथ बना सकती हैं. इससे विदेशी कंपनियों का भारत पर भरोसा और बढ़ेगा.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
